घर में घुसकर लूटपाट, विरोध करने पर वृद्धा की हत्या

5132

बाँदा—जिले में एक 88 साल की वृद्ध महिला का बड़ी ही बेरहमी से कत्ल कर दिया गया है। पहले उनको लाठी-डंडों से पीटा गया। फिर गला दबाकर मारा गया। इसके बाद चाकुओं से उनके उपर ताबड़तोड़ प्रहार किए गए। हत्या की वजह फिलहाल लूट को माना जा रहा है। बताते हैं कि हत्यारे उनके घर से सोने-चांदी के जेवर, नगदी और बाकी सामान लूट ले गए हैं। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिवार के लोगों में कोहराम मचा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उधर, उच्चाधिकारियों ने भी घटना का संज्ञान लिया है।

बताया जाता है कि जिले के बदौसा थाना क्षेत्र के भुसासी गांव में बीती रात अज्ञात बदमाश ताला तोड़कर बोधन नाम की महिला के घर में घुसे। इसके बाद गांव की गुलाब बाई (88) पत्नी इंद्रजीत सिंह के घर पहुंचे और लूटपाट शुरू कर दी। बताते हैं कि इस दौरान वृद्धा जाग गईं और उन्होंने बदमाशों का विरोध किया। बदमाशों ने पहले उन्हें डंडों से पीटा। फिर गला दबाकर हत्या कर दी। बदमाशों की हैवानियत यहीं नहीं रुकी। इसके बाद चाकुओं से ताबड़तोड़ प्रहार किए, फिर घर से 11000 रुपए नगद, सोने-चांदी के आभूषण और कपड़े लूट ले गए। बदौसा थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह गौड़ जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे और छानबीन की। पुलिस उपाधीक्षक अतर्रा सियाराम भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वृद्धा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतका के बेटे अजय की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मृतका के दो बेटे अजय और अमरजीत हैं। दोनों बाहर रहते हैं, घर में मां अकेले रहती थी। अपर पुलिस अधीक्षक बांदा महेंद्र प्रताप चौहान भुसासी गांव पहुंचे और घटना की छानबीन की।

5.1K views
Click