यह मनुष्य शरीर एक मकान है किराये का

882

महराजगंज, रायबरेली। विलक्षण व्यक्तित्व के धनी विख्यात सन्त बाबा जयगुरुदेव जी महाराज के उत्तराधिकारी एवं जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूज्य पंकज जी महाराज इस समय रायबरेली जनपद के प्रत्येक ब्लाक में दो-दो स्थानों पर शाकाहार-सदाचार मद्यनिषेध आध्यात्मिक वैचारिक सन्देश सुनाते हुये चल रहे हैं।

अमांवा ब्लाक के पहरेमऊ चौराहा पर अपना सन्देश सुनाने के बाद कल अप. 3.30 बजे महाराज जी अपनी धर्म यात्रा के 38वें पड़ाव पर ग्राम लोधवामऊ के पास गरीबगंज के निकट पधारे। स्थानीय भाई बहनों व बच्चे-बच्चियों ने गाजे-बाजे व आतिशबाजी के साथ पूरे काफिला यात्रियों का स्वागत किया। आज यहां सत्संग समारोह का आयोजन हुआ।

अपना सत्संग सन्देश सुनाते हुये पूज्य पंकज जी महाराज ने कहा कि प्रेमी भाई बहनों! यह सत्संग है। इसमें किसी धर्म, मजहब या व्यक्ति विशेष की कोई निन्दा चुगली या बुराई नहीं की जाती है। यहां तो प्रभु के भजन भक्ति की प्रेरणा जगाई जाती है कि ऐ इन्सानों! यह मनुष्य शरीर एक किराये का मकान है। कुछ समय के लिये उस परम पिता परमात्मा ने हमको आपको पिछले जन्मों के कर्मों के अनुसार यह मनुष्य शरीर दे दिया।

साथ में गिनती की श्वांसों की पूजी दे दी। बरष या महीना कुछ नहीं। हार्ट फेल या हृदयाघात कुछ नहीं। श्वांसों की पूंजी खतम होते ही यह शरीर धड़ाम से जमीन पर गिरेगा। अब साारी जिन्दगी मेहनत मशक्कत से या झूठ और बेईमानी से जितना भी साजो सामान आपने बनाया होगा यह सब आपका नहीं रह गया। ये कुटुम्ब परिवार, सगे सम्बन्धी सब पराये हो गये। आप का यह शरीर केवल मिट्टी कहा जायेगा।

अब इसे कितना भी सगा सम्बन्धी आपका क्यों न हो एक रात को भी कोई अपने घर में रखने को तैयार नहीं होगाा। आपका सारा खेल खतम हो जायेगा। इस नाशवान शरीर पर विद्या बुद्धि धन दौलत का इतना अहंकार? आखिर किस दिन के लिये।

इधर तो ये हो गया और उधर आपकी जीवात्मा को फरिश्ते व यमदूत इंसाफ के तख्त पर यानि धर्मराज के दरबार में पेश कर देंगे। आपके अच्छे बुरे कर्मों का मिनटों, सेकेण्डों में हिसाब हो जायेगा और उसी कर्म के अनुसार स्वर्ग, बैकुण्ठ या फिर अन्य गलीज कर्मो की सजा आपको विभिन्न प्रकार के नर्कों दोजखों में भुगतनी पड़ेगी।

महात्मा समय-समय पर आकर आपको समझाते हैं कि भाई, साधू मत बनो, घर-परिवार, खेती-बारी, बाल-बच्चों को मत छोड़ना। खेती, दुकान या दफ्तर का काम मेहनत ईमानदारी से करो लेकिन चौबीस घण्टे में घण्टा दो घण्टा समय निकाल कर भगवान का सच्चा भजन-इस मनुष्य शरीर, जिस्मानी मस्जिद में अवश्य किया करो।

भजन कोई गाने बजाने का नाम नहीं। संगीत या हारमोनियम नहीं। भजन कहते हैं ऊपरी मण्डलों से आने वाली वेदवाणी, अनहदवाणी या कलमा को सुनना। इसका भेद जगे हुये महात्मा या पूरे गुरु, मुर्शिद कामिल देते हैं। सबसे पहले कबीरदास आये उन्होंने साहब नाम जगाया और परमात्मा की असीम शक्ति उसी शब्द में भर दिया और जन मानस को बताते रहे कि ‘‘साहब सों सब होत है, बन्दे ते कछु नाहिं। राई ते पर्वत करै, पर्वत राई माहिं।।

नानक जी आये उन्होंने ‘‘वाहे गुरु’’ नाम जगाया और जीवों को चेताया कि नानक ‘‘नाम’’ जहाज है, चढ़ै सो उतरै पार। और भी महात्मा सन्त आये सबने किसी न किसी नाम को जगा कर उसमें परमात्मा की शक्ति का बोध करा दिया। हमारे गुरु महाराज परम सन्त बाबा जयगुरुदेव जी महाराज ने जयगुरुदेव नाम को जगा कर सिद्ध कर लिया और सन् 2012 तक अपने 60 वर्ष के ’’परमार्थी जीवन’’े में लोगों को यह बताते रहे कि दुनियाँ के सारे जीव एक साथ यदि इस जयगुरुदेव नाम की जहाज पर सवार हो जायें तो यह जयगुरुदेव नाम सबको भवसागर से पार कर देगा।

इसके लिये दो चीजों का परहेज जरूरी है 1 मांसाहार का सेवन न करें और 2 नशीले किसी भी पदार्थ से दूर रहें। शाकाहार हमें सदाचार सिखाता है। मन, बुद्धि, चित्त निर्मल रखता है। आंखों में मां बहन बेटी की पहचान कायम रखता है। अतः आप सबसे अपील है कि शाकाहार को अपनायें और शराब आदि नशों से दूर रहें तभी एक अच्छा समाज बन सकता है। हम इसी संकल्प के साथ 108 दिनों के लिये मथुरा आश्रम से निकले हैं।

आगामी 20 से 24 दिसम्बर तक आगरा-दिल्ली बाई पास स्थित जयगुरुदेव मंदिर मथुरा में पूज्यपाद स्वामी घूरेलाल जी महाराज ‘दादा गुरूजी’ का 75वां वार्षिक भण्डारा सत्संग मेला आयोजित होगा। आप से अपील है कि समय निकालकर पावन पर्व पर जयगुरुदेव आश्रम मथुरा पधारें।

दया, दुआ, आशीर्वाद प्राप्त करें। शांति व सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा। इस अवसर पर संगत रायबरेली अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश कुमार सिंह, ब्लाक अध्यक्ष अशोक निर्मल, राकेश सिंह यादव, मथुरा प्रसाद प्रधान, तेज बहादुर यादव, बिहार प्रान्त गोपालगंज जिला के अध्यक्ष श्री काशीनाथ सिंह, मनोज शाह, विश्वबन्धु कुशवाहा, विजय राम, नन्द किशोर चौधरी, महिला संगत की श्रीमती विमला देवी, श्रीमती अंजू रानी आदि के साथ संस्था के पदाधिकारी व प्रबन्ध समिति के सदस्यगण भी उपस्थित रहे। सत्संग के बाद जनजागरण यात्रा अपने अगले पड़ाव ग्राम हसनपुर (कोइरीपुरवा मोड़) ब्लाक महराजगंज के लिये प्रस्थान कर गई। जहाँ कल (आज) दिन के 11 बजे से सत्संग समारोह निर्धारित है।

  • अशोक यादव एडवोकेट
882 views
Click