अयोध्या में शिलान्यास के पहले चित्रकूट में कामदगिरि का पूजन

36

चित्रकूट – अयोध्या में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण शिलान्यास के पूर्व आज सुबह चित्रकूट में भगवान श्री कामदगिरि का पूजन किया गया। तुलसी कृत रामचरित मानस के अनुसार भगवान श्री राम को जिस समय चौदह वर्ष का वनवास हुआ, उस समय भगवान श्री राम ने साढे ग्यारह वर्ष का समय चित्रकूटगिरी जिसे कामदगिरि कहा जाता है, में ही रह कर व्यतीत किया। गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज के साथ ही साधु – संत तो यहां तक कहते हैं कि भगवान श्री राम माता जानकी और भाई लक्ष्मण जी के साथ सदैव ही चित्रकूट में निवास करते हैं। जिसको राम राम चरित मानस में लिखे इस दोहे से सहज ही समझा जा सकता है।” चित्रकूट सब दिन बसत प्रभु सिय लखन समेत। राम नाम जप जापकहिं तुलसी अभिमत देत।। इसी भावना को दृष्टिगत रखते हुए आज जिस समय अयोध्या में भगवान श्री राम के मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा, उसके पहले धर्म नगरी चित्रकूट में भगवान श्री कामदगिरि का पूजन किया गया। पूजन करने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के पी डब्ल्यू डी राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि चित्रकूट भगवान का घर है यहां पर भगवान ने वनवास काल में साढे ग्यारह वर्ष का समय व्यतीत किया था। आज का दिन सबके लिए खुशी का दिन है। डी आर आई के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ अभय महाजन ने कहा कि 500 सौ वर्ष के लंबे संघर्ष के बाद आज वह शुभ दिन आया है जिसका सबको इंतज़ार था। उन्होंने कहा कि चित्रकूट में इस अवसर पर भजन ,पूजन, अनुष्ठान किये जा रहे। मठ मंदिरों में पूजा अर्चना चल रही है। आज शाम को चित्रकूट में इस शुभ अवसर पर 21 हजार से 51 हजार के बीच दीप जलाकर दीपावली मनाई जाएगी।

चित्रकूट से विनोद शर्मा की रिपोर्ट।

Vinod Sharma

Click