आराध्या बनी एक दिन की BDO, सुनी समस्याएं

23

भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। हाईस्कूल परीक्षा में जनपद में आठवां स्थान हासिल करने वाली छात्रा आराध्या सिंह को एक दिन का खंड विकास अधिकारी बनाकर सम्मानित किया गया।

कस्बे में रहने वाले बृजेश कुमार एवं रेनू सिंह की पुत्री आराध्या सिंह ने हाईस्कूल की परीक्षा में 91.5 फीसदी अंक प्राप्त कर जनपद में आठवां स्थान प्राप्त किया था। नवरात्र पर्व पर मातृशक्ति को सम्मानित करने के उद्देश्य जिलाधिकारी डॉ चंद्रभूषण त्रिपाठी ने नई पहल करते हुए जिले की टॉपर छात्राओं को विभिन्न विभागों का प्रमुख अधिकारी बनाने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में आराध्या सिंह को एक दिन का खंड विकास अधिकारी बनाया गया।

छात्रा ने खंड विकास अधिकारी की कुर्सी को संभाल कर लोगों की समस्याएं सुनी और निस्तारण करने के निर्देश दिए। ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण करने आए चित्रकूट धाम मंडल के संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चंद्र पांडेय ने छात्रा को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।

इस मौके पर बीडीओ विपिन कुमार, एडीओ पंचायत मनफूल पाल, एपीओ मनरेगा विकास चंद, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी बृजेश कुमार शुक्ला, अनामिका पांडेय, मोहिनी तिवारी, स्वाति शर्मा, बालेश्वर द्विवेदी, रामबाबू गुप्ता, विनोद वर्मा,अमित कुमार, रामसेवक, प्रियंका सिंह सहित ग्राम प्रधान आदि मौजूद रहे।

रिपोर्ट- एमडी प्रजापति

Click