आशा ई लाइब्रेरी में दिया गया बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण 

15

आशा ट्रस्ट एवं रेड ब्रिगेड ट्रस्ट की संयुक्त पहल

वाराणसी। सामाजिक संस्था आशा ट्रस्ट के तत्वावधान बालिकाओं की आत्मरक्षा के लिए  प्रशिक्षण शिविर का आयोजन चौबेपुर क्षेत्र के भंदहा कला ग्राम स्थित आशा ई लाइब्रेरी एवं लर्निंग सेंटर पर  किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न गाँवों की 28 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।

महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों पर कार्य कर रही प्रतिष्ठित संस्था रेड ब्रिगेड ट्रस्ट के प्रशिक्षक दल द्वारा मुसीबत के समय आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए।  शिविर के दौरान बालिकाएं अपनी सुरक्षा को लेकर जानकारी व प्रशिक्षण प्राप्त कर काफी उत्साहित नजर आई।

अपनी सुरक्षा को लेकर बालिकाएं इस प्रकार के प्रशिक्षण बार बार प्राप्त करने को आतुर होती नजर आई। प्रशिक्षकों ने लोअर किक, मिडिल किक, अपर किक, सीजर किक आदि के बारे में बताया।   इसके अलावा एक बालिका का किसी व्यक्ति द्वारा गला या हाथ पकड़ने पर अपने आप को छुड़ाने, पीछे से पकड़ने पर अपने आप को त्वरित छुड़ाने जैसे सुरक्षा के गुर बताए गये। 

प्रशिक्षण कार्यक्रम के बारे में रेड ब्रिगेड ट्रस्ट के संयोजक ने अजय पटेल ने बताया कि स्कूल आते जाते समय छेड़खानी और दुर्व्यवहार जैसी घटनाएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं ऐसे में स्कूली बच्चियों को आत्म रक्षा हेतु प्रशिक्षित करने के लिए इस प्रकार के शिविर नियमित किये जाने की जरूरत है।

आशा ट्रस्ट के समन्वयक वल्लभाचार्य पाण्डेय ने कहा कि बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिलाने का उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर व आत्मविश्वासी बनाना है जिससे किसी भी प्रकार की विपरीत परिस्थिति होने पर वे घबराएं नही और अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें।


रेड ब्रिगेड की प्रशिक्षिका सुष्मिता भारती, दिव्या पाण्डेय और महविश खान ने बहुत ही रोचक और वैज्ञानिक तरीके से प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम संचालन  में  प्रमुख  रूप से सौरभ, प्रदीप सिंह, राजकुमार गुप्ता आदि का विशेष सहयोग रहा।

  • राजकुमार गुप्ता
Click