लालच में सवारियों को पीछे खड़ा करने से बाज नहीं आ रहे टेंपो चालक

46

रायबरेली। महराजगंज-रायबरेली मार्ग पर डग्गामार वाहन टेंपो चालक चंद रुपयों की लालच में सवारियों को पीछे खड़ा करने से बाज नहीं आ रहे हैं। जबकि मार्ग पर ही सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय भी मौजूद है। इसके बाद भी इन डग्गामार वाहनों पर एआरटीओ की आमदरफ्त का भी कोई असर नहीं है।

शासन द्वारा समय-समय पर चलाया जा रहा सड़क सुरक्षा सप्ताह भी इन्हीं डग्गामार वाहन चालकों की लापरवाही का शिकार हो रहा है। वहीं जिम्मेदार हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। महाराजगंज रायबरेली मार्ग पर प्रतिदिन करीब 62 टेंपो चलते हैं इस मार्ग पर वाहन चालकों की लापरवाही से आए दिन दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। इसके बाद भी डग्गामार वाहन चालकों द्वारा सवारियों को पीछे लटका कर चलने का क्रम जारी है।

रायबरेली से महाराजगंज आ रहे टेंपो की आरटीओ कार्यालय के नजदीक ली गई तस्वीर में टेंपो के पीछे दो सवारियां लटककर चल रही थी। टेंपो चालक को टेंपो पर लटककर चल रही सवारियों को लेकर कोई गुरेज भी नहीं था। टेंपो चालको ने बताया टेंपो पर सवारी लटका कर चलना हम लोगों की मजबूरी है। क्या मजबूरी है के सवाल पर टेंपो चालक बताते हैं उन्हें प्रतिमाह मार्ग पर चलने के लिए सुविधा शुल्क भी देना पड़ता है।डग्गामार वाहनों का कमोबेश यही हाल महाराजगंज हैदर गढ़ एवं इन्हौना मार्ग तथा बछरावां मार्ग का भी है।

  • अशोक यादव एडवोकेट
Click