नम आंखों से दी गईं गणपति बप्पा को विदाई

6

“गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ” नम आंखों से गणपति बप्पा को दी विदाई

चित्रकूट। “गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारे के साथ नम आंखों से जिले भर में भक्तों ने गणपति जी को विसर्जन कर विदाई दी। तो वहीं दूसरी ओर घाटों में प्रकाश व्यवस्था ना होने पर श्रद्धालुओं ने नगर पालिका पर नाराजगी जताई।

शुक्रवार को मुख्यालय के पुल घाट, राणन तालाब कलेक्ट्रेट, रामघाट, राजापुर, रायपुरा, मऊ मानिकपुर शिवरामपुर भरतकूप व पहाड़ी में नदियों व तालाबों पर प्रथम पूज्य गणेश का विसर्जन कर नम आंखों से विदाई दी गई। ढोल डीजे नगाड़ों की धुन में बच्चे-युवा व महिलाएं खूब झूम कर नाचे।

बता दें कि जिले में लगभग 200 गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की गई थी जिसका दसवे दिन सभी गणेश भक्तों ने धूमधाम से झांकी निकालते हुए नदी व तालाबों में विसर्जन किया और गणपति बप्पा को नम आंखों से विदाई दी। मुख्यालय के पुरानी बाजार, द्वारिकापुरी, नया बाजार जगदीशगंज, धुस मैदान, तरौंहा, शंकर बाजार, शोभासिंह का पुरवा, स्टेशन रोड़, कसहाई, सपहा ,रगौली में घरों व पंडालों पर प्रतिमाएं रखी गई थी।

इस दौरान प्रशासन भी विसर्जन को लेकर मुस्तैद दिखा। मुख्यालय में छोटी मूर्तियों को मंदाकिनी नदी में विसर्जित किया गया। वहीं दूसरी ओर बड़ी प्रतिमाओं को राणन तालाब में विसर्जित किया गया। राणन तालाब में प्रकाश व्यवस्था ना होने पर लोगों ने नाराजगी की जताई।

सीओ सिटी हर्ष पांडेय नगर व ईओ रामअचल कुरील घूम-घूम कर सुरक्षा व व्यवस्था पर नजर बनाए रखते हुए कर्मचारियों को दिशा निर्देश देते रहे।

जिले के राजापुर, सरधुआ, मऊ, मानिकपुर रैपुरा, सीतापुर रामघाट, पहाड़ी, शिवरामपुर व भरतकूप में भी गणपति विसर्जन धूमधाम से किया गया।

रिपोर्ट- पुष्पराज कश्यप

Click