जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न

12

जनशिकायतों का निस्तारण गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्धता के साथ करें।
बांदा , जिलाधिकारी बांदा दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनशिकायतों का निस्तारण गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्धता के साथ किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील सदर में कुल 59 आवेदन पत्र प्राप्त हुए जिनमें से मौके पर 10 शिकायतों का निस्तारण किया गया तथा शेष प्रकरणों को सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को इस निर्देश के साथ दिये गये कि सम्बन्धित आवेदन पत्रों का समयबद्धता से गुणवत्ता के साथ निस्तारण कराया जाए। समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, शिक्षा व अन्य विभागों से सम्बन्धित आवेदन पत्र प्राप्त हुए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जमालपुर निवासी केशव दास द्वारा भूमि की पैमाइश किये जाने के सम्बन्ध में प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक को मौके पर जाकर पैमाइश कराये जाने के सम्बन्ध में निर्देश दिये। खांईपार निवासी ब्रजेश वर्मा व अन्य लोंगो द्वारा ग्राम समाज की सार्वजनिक भूमि पर दंबगों द्वारा रास्ते का निर्माण कराकर रास्ता बंद किये जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर को मौके पर जाकर एवं जांच कर रास्ते के सम्बन्ध में कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता को विद्युत के तारों को ठीक कराये जाने के निर्देश दिये। समाधान दिवस में पुलिस से सम्बन्धित प्रकरण को सुनते हुए निस्तारण किये जाने के सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी पुलिस को निर्देशित किया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील सदर में उप जिलाधिकारी सदर रजत वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अनिल श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी पुलिस गवेन्द्र गौैतम, तहसीलदार सदर सहित सम्बन्धित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
तहसील अतर्रा में उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस विकास व अन्य विभागों से सम्बन्धित 37 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से राजस्व 21, पुलिस 4 तथा विकास 3 व अन्य विभागों से सम्बन्धित 9 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनका निस्तारण किये जाने हेतु सम्बन्धित विभागों को आवेदन पत्र प्रेषित कर निस्तारण के निर्देश दिये गये।

रिपोर्ट- सुधीर त्रिवेदी

Click