डीएम ने किया सदर तहसील का औचक निरीक्षण

17

बाँदा , जिलाधिकारी बाँदा दुर्गा शक्ति नागपाल ने आज सदर तहसील का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने तहसील के विभिन्न पटलों भूलेख अनुभाग, नजारत, आर0के0, भूलेख अभिलेखागार व मतदाता पंजीकरण केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वप्रथम राजस्व वादों के निस्तारण के सम्बन्ध में जानकारी लेते हुए निर्देश दिये कि राजस्व वादों का गुणवत्तायुक्त निस्तारण समयबद्धता के अनुसार किया जाए तथा वाद अधिक दिनों तक लम्बित नही रहने चाहिए। उन्होंने बैैनामा के बाद दाखिल-खारिज के मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत करने के निर्देश दिये। उन्होंने वरासत के प्रकरणों को भी समय से निस्तारण किये जाने के निर्देश तहसील के सम्बन्धित राजस्व कर्मियों को दिये। उन्होंने निर्देश दिये कि बैैनामा के बाद दाखिल-खारिज ऐसे मामले जिनमें बिचैलियों द्वारा अनावश्यक आपत्तियां दी जाती हैं, ऐसे प्रकरणों की आपत्तियों को तत्काल खारिज किया जाए तथा सम्बन्धित सम्पत्ति के मालिक व हिस्सेदार द्वारा ही आपत्ति लगाये जाने पर आपत्ति मान्य मानते हुए प्रकरण का निस्तारण अविवादित मामलों में 45 दिनों के अन्दर तथा विवादित मामलों का निस्तारण 90 दिन के भीतर आवश्यक रूप से किया जाए। उन्होंने दैवीय आपदा के मामलों में किसी व्यक्ति की दैवीय आपदा से मृत्यु होने पर पी0एम0 रिपोर्ट प्राप्त होने के सात दिन के अन्दर निस्तारण करने के निर्देश दिये। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि वरासत के मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए, ऐसे मामले अधिक दिनों तक किसी भी दशा में लम्बित नही रहने पायें और समयबद्धता के साथ सम्बन्धित का नाम कम्प्यूटराइज्ड खतौनी में भी दर्ज किया जाए। उन्होंने निर्देश दिये कि जो भी बैनामा प्राप्त हो रहे हैं, उनका अभिलेखों में समय से दर्ज किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व वादों से सम्बन्धित विभिन्न पत्रावलियों का गहनता से निरीक्षण करते हुए राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि लम्बित राजस्व वादों का शीघ्र गुणवत्ता के साथ निस्तारण करायें। उन्होंने वसूली की समीक्षा करते हुए मानक के अनुरूप मुख्यदेयकों की वसूली किये जाने तथा बडे बकायेदारों की आरसी की वसूली करने के निर्देश दिये। उन्होंने अमीनों के द्वारा बकाये के वसूली की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिये। उन्होंने अभिलेखों का रख-रखाव दुरूस्त रखने एवं अलमारियों में पत्रावली सूची सहित सम्बन्धित पत्रावली ही क्रमवार व्यवस्थित रखने के निर्देश दिये। उन्होंने भू अभिलेखागार में अभिलेखों का रख-रखाव बेहतर रखने के साथ ही अग्निशमन से बचाव हेतु आवश्यक व्यवस्था रखने के निर्देश दिये। उन्होंने स्टाक रजिस्टर, आडिट आपत्तियों का निस्तारण तथा विभागीय कार्यवाहियों के मामलों का निरीक्षण करते हुए आडिट आपत्तियों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 राजेश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर रजत वर्मा, तहसीलदार सदर राधेश्याम सहित नायब तहसीलदार एवं सम्बन्धित राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट- सुधीर त्रिवेदी

Click