तुर्किये और सीरिया में भूकंप से 46 हजार से ज्यादा मौतेऺ

5

तुर्किये और सीरिया में भूकंप से 46 हजार से ज्यादा मौत

तुर्किये में एक लाख से ज्यादा इमारतें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। तुर्किये और सीरिया में आए भूकंप को दो हफ्ते पूरे हो गए हैं। मरने वालों की संख्या 46 हजार से ज्यादा हो चुकी है।

तुर्किये सरकार ने कहारनमारस और हताय को छोड़कर सभी राज्यों में रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म कर दिया है। भारत से ‘ऑपरेशन दोस्त’ के तहत तुर्किये गई NDRF टीम भी वापस लौट आई है।

इधर, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने तुर्किये का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भूकंप के बाद तुर्किये-सीरिया को दी जाने वाली मदद और राहत पैकेज पर चर्चा की। ब्लिंकन ने कहाकि अमेरिका के ओर से तुर्किये को लंबे समय के लिए मदद दी जाएगी। अब तक अमेरिका दोनों देशों के लिए 1,530 करोड़ रुपए की सहायता राशि दे चुका है।

वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले दो हफ्ते में तुर्किये के 11 राज्यों में 6,040 आफ्टर शॉक आ चुके हैं। इन इलाकों को डिजास्टर जोन कहा जा रहा है। 6 हजार में से 40 आफ्टर शॉक 5 से 6 तीव्रता के थे। वहीं एक 6.6 तीव्रता का था। तुर्किये की स्थिति इतनी खराब है कि यहां एक लाख से ज्यादा इमारतें नष्ट हो गई हैं। अधिकारी लोगों को इनसे दूर रहने की सलाह दे रहे हैं।

दो हिस्सों में बंटा तुर्किये का गांव

न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप के बाद एक गांव दो हिस्सों में बंट गया। तुर्किये के अंताक्या शहर के पास डेमिरकोप्रु (Demirkopru) गांव में भूकंप से इतनी तबाही हुई की जमीन में बड़ी दरार आ गई और गांव दो हिस्सों में बंट गया। यहां घर 13 फीट नीचे धंस गए। जमीन के नीचे से पानी ऊपर आ गया।

13 दिन बाद तीन लोगों का रेस्क्यू

इसी बीच तुर्किये में रेस्क्यू टीम ने 13 दिन बाद तीन लोगों को मलबे से जिंदा बाहर निकाला है। इनमें एक बच्चा है। वहीं, अब ज्यादातर लोग अपनों के जिंदा बाहर आने की उम्मीदें खो चुके हैं। वो चाहते हैं कि उनके अपनों के शव जल्द मिल जाएं, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके। इस्लामिक रीति-रिवाजों के मुताबिक, शव को जल्द से जल्द दफनाया जाना चाहिए।

तुर्किये में 40,642 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। सीरिया में 5,800 से ज्यादा लोग मारे गए हैं।

तुर्किये में एक करोड़ 30 लाख लोग 10 राज्यों में डिसप्लेस हो चुके हैं। अब तक 8 हजार लोगों को बचा लिया गया है।

तुर्किये-सीरिया में मलबे के नीचे दबे जिंदा लोगों की तलाश अब आखिरी चरण में है। इसके बाद शवों के ही मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है।

सीरिया में भूकंप पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए 20 फरवरी तक के लिए राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाया गया।

Reports Today

Click