पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर चेन स्नैचर गिरफ्तार

29242


रायबरेली। रायबरेली पुलिस ने जिले में अपराधों पर लगाम लगाने की अपनी मुहिम जारी रखते हुए देर रात एक बड़ी सफलता हासिल की है। खीरों थाना क्षेत्र के खांडेपुर पुलिया के पास हुई एक जोरदार मुठभेड़ में दो शातिर चेन स्नैचर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना को पुलिस द्वारा ‘हाफ एनकाउंटर’ बताया जा रहा है।
गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान विकास पाण्डेय और रितेश गौतम के रूप में हुई है, ये दोनों कानपुर के रहने वाले हैं। इन दोनों पर आरोप है कि इन्होंने पिछले दिनों खीरों थाना क्षेत्र में एक किराना दुकानदार महिला से सोने की चेन छीनने की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर खीरों पुलिस टीम खांडेपुर पुलिया के पास सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान, बाइक पर सवार इन दोनों बदमाशों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में, पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली सीधे बदमाश विकास पाण्डेय के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसके दूसरे साथी रितेश गौतम को भी मौके से धर दबोचा।
मुठभेड़ के बाद पकड़े गए इन दोनों बदमाशों के पास से लूटी गई सोने की चेन, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल बदमाश विकास को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अब उनसे इस गैंग से जुड़े अन्य अपराधों और सदस्यों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित और साहसी कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

29.2K views
Click