रायबरेली के सिविल लाइंस में मानसी की मौत के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य की तलाश जारी है।
रायबरेली। शहर के सिविल लाइंस निवासी मानसी की मौत के मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर ससुराल पक्ष के छह लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था, जिनमें अब तक चार आरोपित ही गिरफ्तार हो पाए हैं, जबकि दो अभी भी फरार हैं। वहीं मृतका के पिता ने आरोपित चचिया ससुर भुंदल पर धमकाने का आरोप लगाया है। साथ ही प्रशासन से जल्द से जल्द उसकी गिरफ्तारी की मांग की है।
बता दें कि बाराबंकी जनपद के पूरे मितई हैदरगढ निवासी रामकुमार सोनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दो वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री मानसी का विवाह शहर के सिविल लाइंस निवासी शिवम के साथ किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मानसी को प्रताड़ित किया जाने लगा, जिसे लेकर बुधवार की रात मानसी की हत्या कर दी गई।
रामकुमार की तहरीर पर पुलिस ने पति शिवम, ससुर संजय, सास सुनीता, देवर आकाश, वरुण व चचिया ससुर चंद्रिका प्रसाद उर्फ भुंदल के विरुद्ध दहेज हत्या का केस दर्ज किया। इनमें आरोपित पति व ससुर को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि सास व देवर आकाश को बुधवार को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपित वरुण व चंद्रिका प्रसाद उर्फ भुंदल अभी भी पुलिस की पहुंच से दूर हैं। वहीं, दूसरी ओर रामकुमार का कहना है कि आरोपित भुंदल ही घटना का मास्टरमाइंड है। उसे अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
रामकुमार का आरोप है कि भुंदल व उसके रिश्तेदारों द्वारा मुकदमा वापस लेने के लिए लगातार उन पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द फरार आरोपितों की गिरफ्तारी मांग की है। सीओ का कहना है कि मामले में दो अन्य आरोपित मृतका के देवर आकाश व सास सुनीता को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।