बाँदा—जनसुनवाई के पश्चात राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना पटेल द्वारा महिला जिला अस्पताल एवं मंडल कारागार बांदा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। महिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला चिकित्सा वार्ड में भर्ती महिलाओं से संवाद कर मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी प्राप्त की और संबंधित महिला चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सुनीता को निर्देशित किया कि सभी पात्र महिलाओं को ‘मुख्यमंत्री महिला कन्या सुमंगला योजना’ का लाभ प्राथमिकता पर प्रदान किया जाए।

निरीक्षण के दौरान शौचालयों में गंदगी पाई गई, जिस पर सदस्य अर्चना पटेल ने नाराजगी जताई और तत्काल प्रभाव से स्वच्छता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके अतिरिक्त, PNCवार्ड, प्रसव कक्ष तथा अन्य वार्डों का भी निरीक्षण किया गया। वन स्टॉप सेंटर का दौरा कर उन्होंने वहाँ भर्ती बच्चियों से संवाद किया, उन्हें अच्छे स्वास्थ्य और उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उनकी आवश्यकताओं और सुझावों को गंभीरता से लिया।
इसके पश्चात राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना पटेल ने मंडल कारागार बांदा का निरीक्षण किया, जहाँ 52 महिला बंदियाँ उपस्थित पाई गईं। उन्होंने सभी महिला बंदियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और यह सुनिश्चित किया कि कोई भी महिला किसी प्रकार की उपेक्षा या असुविधा का शिकार न हो। निरीक्षण के दौरान कारागार में संचालित पाकशाला का भी अवलोकन किया गया, जिसे संतोषजनक पाया गया। और महिलाओं से कहा गया कि आप लोग कपड़े सिलना बैग बनाने एवं हैंड फैन बनाने से संबंधित जो भी कार्य है करते रहे और अपने आप को बिजी रखें
अर्चना पटेल ने संबंधित जेल अधीक्षक अनिल कुमार गौतम को निर्देश दिए कि महिला बंदियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पुनर्वास से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि बच्चों/बच्चियों का किसी सरकारी स्कूल में प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।
सुधीर त्रिवेदी रिपोर्ट