सीएम से बुन्देली सेना की मांग: दीपावली के पहले रामायण दर्शन

15

चित्रकूट.. दीपावली अमावस्या पर्व के पहले कामदगिरि परिक्रमा मार्ग में बनकर तैयार रामायण दर्शन को शुरू कराए जाने की मांग बुन्देली सेना ने मुख्यमंत्री से की है l

बताया कि लाखों भक्त अमावस्या में धर्मनगरी आएंगे और रामायण दर्शन के जरिए एक सुखद संदेश लेकर जाएंगे। बुन्देली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार की मंशानुरूप पर्यटन विभाग ने कामदगिरि परिक्रमा मार्ग में भव्य और दिव्य रामायण दर्शन बनाया है।

इसमें थ्रीडी विधि से न केवल रामायण दिखाने की व्यवस्था है बल्कि धर्मनगरी के सभी तीर्थों का विवरण, रेस्टोरेंट के साथ-साथ प्रतीक्षालय और एक सुखद माहौल है। यह बनकर पिछले कई महीनों से तैयार है। लेकिन इसका शुभारंभ नहीं हो पाया। दीपावली के पहले यदि रामायण दर्शन का उदघाटन हो जाता तो देशभर से धर्मनगरी में आने वाले लाखों भक्त लाभान्वित होते।

इसी तरह रामघाट में कैफ़ेट एरिया भवन अपने उदघाटन की राह तक रहा है। रामघाट में मंदाकिनी नदी में लेजर लाइट एण्ड साउंड शो भी आकर्षण का केंद्र है।

दीपावली के पहले इसका भी शुरू होना नितांत जरूरी है। बारिश और बाढ़ के दौरान इसे हटा दिया गया था। अब मौसम खुल गया है नवरात्रि से दीपावली के बीच बड़े पैमाने पर श्रद्धालु और सैलानी तीर्थ क्षेत्र आएंगे। दीपावली के पहले लेजर लाइट एण्ड साउंड शो शुरू होने का बड़ा फायदा होगा।

इसके अलावा पर्यटन विभाग की अन्य कई योजनाएं उदघाटन की प्रतीक्षा में हैं। बुन्देली सेना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सभी रामायण दर्शन समेंत पूरी हो चुकी सभी योजनाओं के जल्द से जल्द उदघाटन की मांग की है।

रिपोर्ट: पुष्पराज कश्यप चित्रकूट

Click