Eng vs SA 2023: इंग्लैंड की बड़ी हार, विश्व कप में साउथ अफ्रीका ने 229 रनों से रौंदा

9
Eng vs SA 2023

Eng vs SA 2023: ओडीआई विश्व कप के 20वें मैच में दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को 229 रन से रौंद दिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 399 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 22 ओवर में 170 रन ही बना सकी। विश्व चैंपियन टीम की टूर्नामेंट में यह लगातार तीसरी हार है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका को तीसरी जीत मिली।

इंग्लैंड की टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। विश्व कप में डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड की चार मैचों में तीसरी हार है। इंग्लैंड को न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार मिली है। उसकी इकलौती जीत बांग्लादेश के खिलाफ मिली थी।

दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने तीसरी जीत हासिल की है। उसने श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को हराया। उसे इकलौती हार नीदरलैंड के खिलाफ मिली। इंग्लैंड का अगला मुकाबला 26 अक्तूबर को बंगलूरू में श्रीलंका से होगा। वहीं, अफ्रीकी टीम 24 अक्तूबर को मुंबई में बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी।

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 399 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में 400 रनों का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 22 ओवर में 170 रन ही बना सकी। उसके किसी भी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं लगाया। 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मार्क वुड ने सबसे ज्यादा नाबाद 43 रन बनाए। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले गस एटिंकसन ने 35 रन बनाए।

हैरी ब्रूक 17, जोस बटलर 15, डेविड विली 12, जॉनी बेयरस्टो और आदिल रशीद 10-10 रन बनाकर आउट हुए। डेविड मलान 6, बेन स्टोक्स 5 और जो रूट 2 रन बनाकर आउट हुए। रीस टॉप्ली चोट के कारण बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। उन्हें एब्सेंट हर्ट घोषित किया गया। 

दक्षिण अफ्रीका के लिए गेराल्ड कोएत्जे ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। लुंगी एंगिडी और मार्को यानसेन ने दो-दो विकेट लिए। कगिसो रबाडा और केशव महाराज को एक-एक सफलता मिली।

इससे पहले टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला इंग्लैंड के लिए गलत साबित हुआ। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने उनके इस निर्णय को गलत साबित करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 399 रन बना दिए। साउथ अफ्रीका ने विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड बना दिया। उसने पाकिस्तान को पीछे छोड़ दिया। पाकिस्तान ने 2019 में 8 विकेट पर 348 रन बनाए थे। 

इतना ही नहीं, यह वनडे क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ किसी भी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है। दक्षिण अफ्रीका ने इस मामले में न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ दिया। न्यूजीलैंड ने 2015 में ओवल के मैदान पर 5 विकेट पर 398 रन बनाए थे।

दक्षिण अफ्रीका के लिए हेनरिच क्लासेन ने शतकीय पारी खेली। रसी वान डर डुसेन, रीजा हेंड्रिक्स और मार्को यानसेन ने अर्धशतक लगाया। क्लासेन ने 67 गेंद पर 109 रन बनाए। उन्होंने 12 चौके और चार छक्के लगाए। हेंड्रिक्स ने 75 गेंद की पारी में 85 रन बनाए। उन्होंने नौ चौके और तीन छक्के लगाए। 

मार्को यानसेन ने 42 गेंद पर 75 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और 6 छक्के लगाए। डुसेन ने 61 गेंद की पारी में 8 चौकों की मदद से 60 रन बनाए। डेविड मिलर पांच, क्विंटन डिकॉक चार और गेराल्ड कोएत्जे तीन रन बनाकर आउट हुए। केशव महाराज एक रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड के लिए रीस टॉप्ली ने तीन विकेट लिए। गस एटिंकसन और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट लिए।

Reports Today

Click