माइनर में उफान आने से गांव की करीब 100 बीघे से ज्यादा फसलें हुई जलमग्न

60448

महराजगंज रायबरेली
ओनई जंगल माइनर में तुर्राब नगर गांव के पास टूटी पुलिया की वजह से माइनर में उफान आने से आस पास के गांवो की करीब 100 बीघे से ज्यादा फसलें जलमग्न हो गई। सुबह खेत की ओर गए किसानों ने पानी भरा देख हैरान रह गए। सींचपाल को सूचना देकर माइनर में पानी बंद कराया गया। उधर जलभराव की वजह से फसलें बर्बाद होने पर किसानों ने मुआवजे की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के ओनई जंगल माइनर पर तुर्राब नगर गांव के पास माइनर में उफान आने से तुर्राब नगर व आस पास के गांव पूरे चरी व पूरे बल्दी गांव में करीब 100 बीघा से ज्यादा खेतों में पानी फैल गया। खेतों में बोई गई गेहूं, सरसों व आलू आदि फसलें जलमग्न हो गई। किसान नंदकिशोर, रामलखन, भारत लाल , राजाराम, जितेन्द्र ,राम केवल, चंद्रपाल, शत्रोहन, अरविंद, अरुण कुमार, राजेंद्र,अशोक कुमार, रामेश्वर,रामसमुझ आदि सहित गांवों के अन्य किसानों के खेतो में जल भराव हो गया। जिससे खेत मे लगी गेंहू, आलू व सरसों आदि की फसल बर्बाद होने की बात किसानों द्वारा कही जा रही है। किसानों ने कहा कि खेतों में ज्यादा पानी भर जाने से फसलें तो बर्बाद हो गई हैं अब समय भी नहीं बचा है कि दोबारा फसलों की बुवाई की जा सके। किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिवार के भरण पोषण के लिए मुआवजे की मांग की है, मुआवजा न मिलने पर किसानों ने धरना प्रदर्शन की बात कही है।

टूटी पुलिया की वजह से माइनर में आया उफान

ओनई जंगल माइनर पर तुर्राब नगर गांव के पास ग्रामीणों के आवागमन के लिए माइनर पर ह्यूम पाईप डालकर पुलिया का निर्माण किया गया था।करीब दो वर्ष पुलिया टूट गई थी,जिसकी लिखित व मौखिक सूचना अधिकारियों को देने के बाद भी पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया। यदि समय रहते पुलिया का निर्माण कार्य होता तो यह नौबत नहीं आती।जिसको लेकर ग्रामीणों में विभागीय अधिकारियों के प्रति आक्रोश है।

क्या कहते हैं जिम्मेदार?

फसलों के डूबने की जानकारी पर हेड से माइनर में पानी बंद करवा दिया गया है, पुलिया निर्माण के लिए स्टीमेट बनाकर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
सुरेश कुमार, एक्सईएन सिंचाई खंड

अनुज मौर्य/एडवोकेट अशोक यादव रिपोर्ट

👁 60.4K views
60.4K views
Click