सायरन बजते ही अंधेरे में डूबा स्टेडियम, ब्लैक आउट मॉक ड्रिल से परखी गई आपदा तैयारियाँ

34446

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश दिवस एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयंती के अवसर पर स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर में नागरिक सुरक्षा विभाग के तत्वावधान में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, आपदा मित्र टीम, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, होमगार्ड, परिवहन, विद्युत एवं नगर पालिका विभाग द्वारा संयुक्त रूप से ‘ब्लैक आउट मॉक ड्रिल’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की निगरानी नियंत्रक नागरिक सुरक्षा/जिलाधिकारी घनश्याम मीना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा ने की। सायं 06:00 बजे हवाई हमले की चेतावनी सायरन के साथ विद्युत विभाग द्वारा पूर्ण ब्लैक आउट किया गया। इसके उपरांत काल्पनिक बमबारी से उत्पन्न आपात स्थिति में अग्निशमन दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। पुलिस एवं नागरिक सुरक्षा वार्डनों द्वारा क्षेत्र की घेराबंदी कर भीड़ नियंत्रण किया गया, जबकि आपदा मित्र टीम ने खोज एवं बचाव, स्ट्रेचर संचालन तथा प्राथमिक उपचार का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए घायलों को फर्स्ट एड पोस्ट तक पहुँचाया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा घायलों की ट्राइएज कर गंभीर घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया तथा नगर पालिका एवं परिवहन विभाग द्वारा प्रभावितों को रैन बसेरा पहुँचाया गया। सायं 06:30 बजे ‘ऑल क्लियर’ सायरन के साथ अभ्यास का समापन हुआ। डी-ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों एवं आपदा मित्र टीम के उत्कृष्ट समन्वय और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभ्यास आपदा की स्थिति में जनहानि को न्यूनतम करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। इस अवसर पर उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.)  विजय शंकर तिवारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी रेहान अली, आपदा विशेषज्ञ रंजन मालवीय, आपदा मित्र जिला समन्वयक  ऋषभ देव यादव तथा स्काउट गाइड के अकबर अली सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

विवेक यादव रिपोर्ट

👁 34.4K views
34.4K views
Click