रायबरेली डेस्क *रायबरेली में आर्केस्ट्रा देखने गए 17 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किशोर का शव प्राथमिक विद्यालय के पीछे नाले में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, परिजनों ने किशोर की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पूरा मामला रायबरेली के जगतपुर कोतवाली क्षेत्र के पूरे त्रिलोक सिंह के पुरवा का है, जहां आर्केस्ट्रा देखने गए 17 वर्षीय किशोर का शव गांव के प्राथमिक विद्यालय के पीछे स्थित नाले में मिला। बताया जा रहा है कि किशोर आर्केस्ट्रा देखने गया था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। काफी देर तक उसकी कोई जानकारी न मिलने पर परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे थे। इसी दौरान प्राथमिक विद्यालय के पीछे नाले में उसका शव दिखाई दिया।

किशोर का शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जगतपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
वहीं, किशोर की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
अनुज मौर्य रिपोर्ट


