बीईओ ऋचा सिंह, नायब तहसीलदार वंदना वर्मा व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अंकित वर्मा ने की पहल की सराहना,
रायबरेली/शिवगढ़। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के मार्गदर्शन एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह के निर्देशन में विकासखंड शिवगढ़ के कंपोजिट विद्यालय गूढ़ा में ‘तिथि भोजन उत्सव’ का आयोजन उत्साह और आत्मीयता के साथ किया गया। विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका हिमांशी सिंह के सुपुत्र के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 426 छात्र-छात्राओं को विशेष भोजन कराया गया।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह एवं नायब तहसीलदार महाराजगंज वंदना वर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। अधिकारियों ने बच्चों के बीच इस तरह के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि तिथि भोजन जैसे कार्यक्रम विद्यालय और समाज के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने के साथ ही बच्चों को सकारात्मक एवं खुशनुमा वातावरण प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अंकित वर्मा, विकासखंड के समस्त एआरपी (एकेडमिक रिसोर्स पर्सन) सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। अतिथियों एवं शिक्षकों ने इंचार्ज प्रधानाध्यापिका हिमांशी सिंह के सुपुत्र को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और बच्चों के साथ तिथि भोजन उत्सव में सहभागिता की।
तिथि भोज में शिवगढ़ ब्लॉक बना मिसाल,
शिवगढ़ विकासखंड में तिथि भोज को लेकर जनसहभागिता लगातार बढ़ रही है। अब तक 21 तिथि भोज के आयोजन यहां हो चुके हैं, जो जिले में सर्वाधिक बताए जा रहे हैं। विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों में अब जनप्रतिनिधि भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आगे आ रहे हैं।
कंपोजिट विद्यालय गूढ़ा में भी बड़ी संख्या में बच्चों के बीच आयोजित तिथि भोजन उत्सव ने सामुदायिक सहभागिता की भावना को मजबूत किया। निजी और पारिवारिक अवसरों को बच्चों के साथ साझा करने की यह पहल न केवल बच्चों के लिए खुशी का अवसर बनी, बल्कि विद्यालय और समाज के बीच जुड़ाव की एक सुंदर मिसाल भी प्रस्तुत करती नजर आई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। शिक्षक-शिक्षिकाओं और अतिथियों ने बच्चों के साथ भोजन कर उन्हें सामुदायिक सहभागिता और आपसी सौहार्द का संदेश भी दिया।।


