लालगंज, रायबरेली। एसजेएस पब्लिक स्कूल लालगंज में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 146वीं जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य अंजू सिंह ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों द्वारा स्लोगन, पोस्टर के मध्यम से उनके द्वारा किए गए राष्ट्रहित के कार्यों को दर्शाया गया। प्रधानाचार्य ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता और देश के एकीकरण के लिए भारत के संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। यह दिन देश भर में विविध संस्कृतियों, भाषाओं और परंपराओं के बीच एकता, अखंडता और एकजुटता के महत्व पर जोर देता है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल की भव्य और सबसे ऊंची प्रतिमा की स्थापना गुजरात में कराई है।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अंग्रेजों से आजाद हुई 565 रियासतों में से लगभग सारी रियासतों को भारत संघ में शामिल होने के लिए राजी करने का काम किया था। भारत की एकता को बनाए रखने के लिए सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अनेक काम किये, जिसमें खासतौर से हैदराबाद रियासत को भारत में मिलाना उनका प्रमुख योगदान था। स्वतंत्रता पूर्व के किसान आंदोलन का सरदार पटेल से गहरा जुड़ाव रहा है। अन्नदाता की समस्याओं के समाधान हेतु सरदार पटेल हर समय तत्पर रहते थे।
पटेल की नीतिगत कुशलता, प्रतिबद्धता और अटूट धैर्य के कारण ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने उन्हें लौह पुरुष उपनाम से संबोधित किया था। आजाद भारत में सरदार पटेल की योगदान को देखते हुए ही भारत सरकार के पहले मंत्रिमंडल में उन्हें उप प्रधानमंत्री ,गृह, सूचना और रियासत मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली थी जिसको उन्होंने बखूबी निभाया भी था।
इस मौके पर अजय सिंह,शिव प्रताप सिंह ,शालिनी श्रीवास्तव, प्रीति त्रिवेदी ,उमेश कुमार, रियाजुद्दीन सहित जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव मुख्य रूप से मौजूद रहे।
- संदीप कुमार फिजा


