“गणपति बप्पा मोरया… अगले बरस तू जल्दी आना प्रभू के जय घोष से गूंजा सलोंन कस्बा

68037

सलोन(रायबरेली) :
“गणपति बप्पा मोरया… अगले बरस तू जल्दी आ…” के जयघोष से रविवार को पूरा सलोन कस्बा भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा। चारों ओर उड़ता रंग-बिरंगा गुलाल, ढोल-ताशों की थाप और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। दस दिनों तक चले गणेश चतुर्थी महोत्सव का रविवार को विधिवत समापन हुआ।नगर के दुर्गापूजा पंडाल के समीप स्थित आयोजक शंकर साहू के निवास स्थान पर विघ्नहर्ता मंगलमूर्ति श्री गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई थी। दस दिनों तक प्रतिदिन पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नगरवासियों ने बड़ी श्रद्धा और भक्ति भाव से इस उत्सव में भाग लिया।

समापन अवसर पर रविवार को शोभायात्रा निकाली गई। भक्तजन आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते हुए बप्पा की प्रतिमा को नगर भ्रमण कराते हुए मुख्य मार्गों—सब्जी मंडी, एसबीआई बैंक, बस स्टॉप से ऊंचाहार मार्ग—से होते हुए गोकर्ण घाट तक ले गए। पूरे मार्ग पर गुलाल और अबीर उड़ाकर श्रद्धालुओं ने बप्पा को विदाई दी।गोकर्ण घाट पहुंचकर विधि-विधान से पूजा अर्चना के बाद प्रतिमा का भूमि विसर्जन किया गया। इस दौरान वातावरण भावुक किन्तु उत्साहपूर्ण बना रहा।विसर्जन के अवसर पर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। प्रशासन की सतर्कता और श्रद्धालुओं के सहयोग से पूरे नगर में अनुशासन और सौहार्द का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।इस मौके पर नगर के सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे और सभी ने गणपति बप्पा से नगर में सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।

आशीष कुमार रिपोर्ट

👁 68K views
68K views
Click