जन्माष्टमी पंडाल में अश्लील गानों को लेकर बवाल, दो पक्षों में मारपीट,तीन घायल

4696

तमंचे के साथ डांस का वीडियो वायरल

लालगंज रायबरेली )। कोतवाली क्षेत्र के लोदीपुर उतरावां गांव में शनिवार रात जन्माष्टमी समारोह के दौरान आर्केस्ट्रा में अश्लील गाने बजाने को लेकर विवाद हो गया। विरोध करने पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते जमकर मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडे चलने से तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
ग्रामीणों के मुताबिक जन्माष्टमी के अवसर पर गांव में पंडाल सजाकर आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से चंदा जुटाकर कार्यक्रम कराया था। बाहर से आई युवतियां डांस कर रही थीं। शुरुआत में भक्ति गीत बजाए गए, लेकिन बाद में अश्लील गाने बजने पर कुछ ग्रामीणों ने विरोध जताया। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और विवाद मारपीट में बदल गया।
गांव निवासी रघुपाल पासी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि रात करीब एक बजे गांव के ही चार लोग पंडाल में पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि घर की बहन-बेटियों के साथ अश्लील हरकतें की गईं। विरोध करने पर मारपीट की गई।वहीं दूसरे पक्ष के अभय प्रताप सिंह ने भी पुलिस को तहरीर देकर नौ लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि आरोपी उनके घर तक पहुंच गए और बच्चों तथा बेटी के साथ भी मारपीट की।

घटना के बीच डांस फ्लोर पर एक युवक तमंचा लेकर डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि स्वतंत्र प्रभात वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। अभय प्रताप सिंह की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

अनुज मौर्य/संदीप फ़िज़ा रिपोर्ट

👁 4.7K views
4.7K views
Click