जालौन। जिले में पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार बदमाश की पहचान मध्य प्रदेश के दतिया निवासी शिवम प्रजापति के रूप में हुई है। आरोप है कि इसी बदमाश ने जन्माष्टमी की रात कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिमिरया में बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में एसओजी, सर्विलांस और कोंच कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम कैलिया बाइपास मार्ग पर चेकिंग कर रही थी।

तभी पुलिस का सामना इनामी बदमाश से हो गया। पुलिस के मुताबिक, बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई।
जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, जेवरात और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं।
मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
अमित कुमार रिपोर्ट


