जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की पहल पर शिवगढ़ के दो विद्यालयों में मनाया गया ‘तिथि भोजन उत्सव’

शिवगढ़, रायबरेली | 19 अगस्त 2026

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की पहल पर जनपद में स्कूली बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालयों में ‘तिथि भोजन उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड शिवगढ़ के प्राथमिक विद्यालय पूरे पाण्डेय और प्राथमिक विद्यालय सीवन में तिथि भोजन उत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।

प्राथमिक विद्यालय पूरे पाण्डेय में यह विशेष आयोजन विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापक दीप्ति पाटनी पंत की पुत्री के 18 अगस्त को पड़े जन्मदिन के अवसर पर किया गया। उन्होंने अपनी बेटी के जन्मदिन की खुशियां विद्यालय के बच्चों के साथ साझा करते हुए सभी विद्यार्थियों को विशेष तिथि भोजन कराया।

वहीं, प्राथमिक विद्यालय सीवन में विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अपने पिता के जन्मदिन के अवसर पर विद्यालय के सभी बच्चों को विशेष भोजन कराया। दोनों विद्यालयों में बच्चों को पूड़ी, सब्जी, खीर और केला सहित स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन परोसा गया।

विशेष भोजन पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। इस पहल के माध्यम से विशेष अवसरों की खुशियां बच्चों के साथ साझा करने के साथ ही विद्यालयों में अपनत्व, सामुदायिक सहभागिता और सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक दीप्ति पाटनी पंत एवं इंचार्ज प्रधानाध्यापक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी बच्चों, शिक्षकों एवं रसोइयों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रायबरेली राहुल सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी शिवगढ़ ऋचा सिंह का विशेष मार्गदर्शन एवं प्रेरणा रही।

संवाददाता | शिवगढ़, रायबरेली

👁 3K views
3K views
Click