रायबरेली -मुंशीगंज-डलमऊ मार्ग पर बन रहे फ्लाईओवर के निर्माण में सेतु निगम की भारी लापरवाही सामने आ रही है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के कड़े निर्देशों के बावजूद कार्यदाई संस्था खुलेआम आदेशों की धज्जियां उड़ा रही है। डीएम द्वारा दिए गए “तत्काल सर्विस लेन बनाने” के आदेश के दो महीने बीत जाने के बाद भी सड़क की स्थिति बद से बदतर बनी हुई है।
स्थानीय निवासीयों ने बताया की मुंशीगंज डलमऊ मार्ग पर बन रहे फ्लाईओवर के बगल से निकले सर्विस लेन पर दो महीने से गिट्टी पड़ी हुई है, डामर का रास्ता नहीं बनाया गया है। बिखरी हुई गिट्टी की वजह से आए दिन मोटरसाइकिलें फिसल जाती हैं, लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। साइकिल सवारों का निकलना दूभर हो गया है, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन स्तर से कोई सुनवाई नहीं हुई है।
निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड पर डामर (पक्की सड़क) बिछाने के बजाय गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। करीब दो महीने से सड़क पर पड़ी यह खुली गिट्टी राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसों का सबब बनी हुई है।विभागीय सुस्ती का आलम यह है कि प्रशासनिक निरीक्षण के बाद भी ज़मीनी स्तर पर कोई बदलाव नहीं दिखा। पक्की सर्विस लेन न होने के कारण उड़ती धूल और गिट्टियों की फिसलन से रोजाना लोग दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।स्थानीय जनता ने मांग की है कि मामले का संज्ञान लेकर तत्काल पक्की सर्विस रोड का निर्माण कराया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
अनुज मौर्य/प्रतीक सिंह रिपोर्ट


