रायबरेली -रायबरेली में तेज रफ्तार रोडवेज बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे बनी एक दुकान में जा घुसी। हादसे में बस में सवार करीब 10 लोग घायल हो गए, जिनमें कई छात्र शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बस में अधिकतर छात्र लेखपाल भर्ती परीक्षा देने जा रहे थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मामला हरचंदपुर थाना क्षेत्र के मेदनीलाल का पुरवा के पास का है, जहां तेज रफ्तार रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के मुताबिक, ड्राइवर चलते समय गुटखा थूक रहा था, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और बस हादसे का शिकार हो गई।
बस में करीब 20 यात्री सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र लेखपाल भर्ती परीक्षा देने जा रहे थे। हादसे में करीब 10 लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 3 एम्बुलेंसों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल कई छात्रों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवहन विभाग के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अनुज मौर्य/प्रतीक सिंह रिपोर्ट


