पिलर की सरिया छूते ही दौड़ा करंट युवक की मौत,निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहा था 19 वर्षीय अर्जुन। हादसे से परिवार में मचा कोहराम।
लालगंज (रायबरेली)। बछरावां रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास बृहस्पतिवार को निर्माणाधीन भवन में काम करते समय एक श्रमिक करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र के दुर्जन का पुरवा बधई का पुरवा मजरे सुल्तानपुर खेड़ा निवासी अर्जुन पासवान (19) पुत्र दिनेश पासवान नगर के नवरंग का पुरवा के पास हरिशंकर के भवन निर्माण में मजदूरी कर रहा था। निर्माण स्थल के पास ही ट्रांसफार्मर लगा है। साथी श्रमिकों के मुताबिक काम के दौरान पिलर की सरिया अचानक ट्रांसफार्मर के तार से छू गई। इससे अर्जुन करंट की चपेट में आ गया। साथी श्रमिक उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अर्जुन चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह अविवाहित था। हादसे के बाद मां प्रेम देवी, पिता दिनेश और भाई डब्लू, बबलू व बलई का रो रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
संदीप फ़िज़ा रिपोर्ट


