बड़ा घोसियाना में ओवर ब्रिज के नीचे भ्रष्टाचार की अमृत योजना की बारिश ने खोली पोल, सड़क पर बना जानलेवा गड्ढा,वीडियो वायरल

1835

छोटा घोसियाना जाने वाले मुख्य मार्ग पर खतरा बढ़ा, जान हथेली पर रखकर निकल रहे राहगीर—नगर पालिका की कार्यशैली पर उठे सवाल

रायबरेली। शहर में सोमवार, 31 अगस्त 2026 को सुबह से हो रही भारी बारिश ने नगर पालिका की व्यवस्थाओं और अमृत योजना के तहत कराए गए विकास कार्यों की हकीकत सामने ला दी। करीब दोपहर दो बजे कोतवाली नगर क्षेत्र में रायबरेली-लखनऊ मार्ग के ओवरब्रिज के नीचे छोटा घोसियाना की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंसने से जानलेवा गड्ढा बन गया। हालात ऐसे हैं कि राहगीरों को गड्ढे के किनारे से बेहद जोखिम उठाकर निकलना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक अमृत योजना के तहत शहर में बड़ी-बड़ी नालियों और जलनिकासी से जुड़े कार्य कराए गए थे। लेकिन लगातार हुई बारिश के बाद इन कार्यों की गुणवत्ता और जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। बारिश का पानी सड़क पर जमा होने के बाद सड़क के नीचे की जमीन धंसती चली गई और देखते ही देखते मार्ग पर बड़ा गड्ढा बन गया।

गड्ढे की गहराई और आसपास की स्थिति को देखकर किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। खासकर रात के समय यहां खतरा और बढ़ सकता है। राहगीर किसी तरह गड्ढे के किनारे से अपने वाहनों को निकाल रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया और नगर पालिका की कार्यशैली पर जमकर सवाल उठाए।

शहरवासियों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही रायबरेली शहर की कई सड़कों पर छोटे-बड़े गड्ढे दिखाई देने लगे हैं। ऐसे में सवाल यह है कि करोड़ों रुपये की योजनाओं और निर्माण कार्यों के बावजूद बारिश के दौरान सड़कें बदहाल क्यों हो जाती हैं? यदि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हैं तो कुछ ही बारिश में सड़क का हिस्सा धंसकर जानलेवा गड्ढे में तब्दील कैसे हो गया?

सबसे गंभीर बात यह है कि यह कोई सुनसान रास्ता नहीं, बल्कि छोटा घोसियाना को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग फिलहाल बेखबर नजर आ रहा है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर पालिका और संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर गड्ढे को सुरक्षित तरीके से बंद कराएं, बैरिकेडिंग कराएं और सड़क की तकनीकी जांच कराकर जिम्मेदारी तय करें। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह गड्ढा किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 1.8K views
1.8K views
Click