रायबरेली– जिले के गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे नब्बा सिंह का पुरवा गांव में सोमवार सुबह करंट लगने से एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान 60 वर्षीय फूल दुलारी पत्नी स्वर्गीय हुबलाल गौतम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। फूल दुलारी अपने घर में बिजली के बोर्ड से पंखे का प्लग निकाल रहीl थीं। इसी दौरान खंभे से जुड़ा लोहे का सेफ्टी तार करंट की चपेट में था। तार छूते ही वह करंट की चपेट में आ गईं और तार से चिपक गईं। परिजनों और पड़ोसियों के पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बताया गया कि फूल दुलारी अपने 7 वर्षीय नाती अभय के साथ घर में रहती थीं। उनका बेटा संतोष अपनी पत्नी के साथ शहर में रहता है। घटना के समय घर में कोई बड़ा नहीं था।
घटना की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 12 सालों से बिजली का पोल मृतका के घर के बगल में लगे बबूल के पेड़ से टिका हुआ था। इसी पोल से सेफ्टी तार महिला के घर तक गया था। ग्रामीणों के अनुसार इसी सेफ्टी तार में करंट उतर आने की वजह से यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि यदि समय रहते पोल सही जगह लगाया जाता तो महिला की जान बच सकती थी।
वहीं गदागंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अनुज मौर्य/प्रतीक सिंह रिपोर्ट


