रायबरेली-वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य एवं सम्मानजनक जीवन के प्रति समर्पित सामाजिक संस्था ‘मेरा अपना आँगन’ (MAA) द्वारा शनिवार को आई.टी.आई. कॉलोनी स्थित वृद्धजन आवास में ‘जोड़ों के दर्द पर जागरूकता एवं स्वास्थ्य परामर्श कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 100 बुजुर्गों ने भाग लिया और अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर विशेषज्ञ चिकित्सक से सीधा संवाद किया।
कार्यक्रम के मुख्य सलाहकार एवं प्रसिद्ध जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. मनीष त्रिवेदी (MBBS, D. Ortho, MCh Ortho, आरोग्य हॉस्पिटल) ने बुजुर्गों को जोड़ों के दर्द, घुटनों की समस्याओं और उम्र से जुड़ी हड्डियों की परेशानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित व्यायाम, संतुलित दिनचर्या और सही जीवनशैली अपनाकर काफी हद तक जोड़ों के दर्द से राहत पाई जा सकती है।
इस दौरान आयोजित विशेष प्रश्नोत्तर सत्र में सूर्यपाल यादव, बाबूलाल, चंदावती, रामचरण, ईशारा देवी एवं ललिता सहित कई बुजुर्गों ने अपनी स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़े सवाल पूछे। डॉ. त्रिवेदी ने सभी प्रश्नों का आत्मीयता के साथ उत्तर देते हुए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. मनीष त्रिवेदी ने जरूरतमंद बुजुर्गों के लिए आगे भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा—
“वृद्धजन आवास में रहने वाले जिन बुजुर्गों को इलाज की आवश्यकता होगी, उन्हें हरसंभव चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा उनसे किसी प्रकार का परामर्श शुल्क नहीं लिया जाएगा।”
संस्था की संस्थापिका एवं अध्यक्षा प्रियंका आर. पाण्डेय ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सेवा नहीं, बल्कि बुजुर्गों को सम्मान, अपनापन और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता एवं निःशुल्क परामर्श शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में संस्था के सदस्य ऋषि सिन्हा, श्यामलाल जी, यासीन, अहसान, रबीउल्लाह, महेंद्र अग्रवाल तथा वृद्धजन आवास के प्रबंधक धनंजय सिंह सहित कई गणमान्य लोग एवं सेवादार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी बुजुर्गों एवं उपस्थित अतिथियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
अनुज मौर्य रिपोर्ट


