रायबरेली : बाढ़ के बीच प्रशासन की मुस्तैदी, 254 गोवंश सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट

रायबरेली। सदर तहसील क्षेत्र के कई गांवों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एसडीएम सदर गौतम सिंह और बीडीओ संदीप सिंह की निगरानी में राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

प्रशासन ने एहतियातन बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की गौशाला से 254 गोवंशों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया। सुबह करीब 5 बजे से कैटल कैचर की मदद से सफाईकर्मियों और ब्लॉककर्मियों की टीम ने अभियान चलाया।

इनमें से 94 गोवंशों को ब्लॉक की अन्य गौशालाओं में स्थानांतरित किया गया, जबकि 160 गोवंशों को अस्थायी रूप से गांव के सामुदायिक भवन परिसर में सुरक्षित रखा गया। यहां उनके लिए भूसा, हरा चारा, पशु आहार और पानी की व्यवस्था की गई। सभी गोवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। शेष 160 गोवंशों को भी ब्लॉक की अन्य गौशालाओं में स्थायी रूप से संरक्षित करने की प्रक्रिया जारी है।

32 लोगों का कराया गया रेस्क्यू

वहीं, तिलक मजरे बघेल गांव में जलभराव के बीच फंसे करीब 32 लोगों को प्रशासन ने सकुशल रेस्क्यू कराया। एसडीएम गौतम सिंह की देखरेख में राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

प्रशासन के मुताबिक, गांव में करीब एक सप्ताह पहले ही नाव की व्यवस्था कर दी गई थी। बीती रात अचानक पानी बढ़ने से कई घरों में पानी घुस गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और सभी 32 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया।

प्रशासन की सक्रियता से अब तक किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

मौके पर डिप्टी सीवीओ डॉ. संजय सिंह, सीएचसी अधीक्षक डॉ. रोहित कटियार, एडीओ सहकारिता राज सिंह, एडीओ पंचायत महेंद्र प्रताप सिंह समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

 

👁 3K views
3K views
Click