लॉकडाउन तोड़ने पर 17 लोगों पर एफआइआर

23363

सरेनी (रायबरेली): लॉकडाउन पर अमल न करने वालों पर सरेनी पुलिस ने अपना शिकंजा कस दिया है। बेवजह घरों से निकलने और भीड़ लगाकर खड़े होने वाले 17 लोगों पर बुधवार को एफआइआर दर्ज कराई गई। वहीं दो बाइकें सीज हुईं तो आठ का चालान किया गया।

थाना क्षेत्र की गेगासों चौकी के इंचार्ज उमेश यादव ने पूरे तीला मजरे गेगासो के दो, गोबरे का पुरवा मजरे गेगासों के तीन लोगों के खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन की रिपोर्ट लिखाई। इसी तरह भोजपुर चौकी इंचार्ज घनश्याम सिंह ने जदईखेड़ा के पांच व भोजपुर कस्बे के सात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। इसके अलावा थानाध्यक्ष अजीत कुमार विद्यार्थी ने सरेनी कस्बे में पुलिस का चौकसी का जायजा लिया। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों को रोककर उनके निकलने की वजह पूछी। जायज बात सामने आने पर जाने दिया, जबकि बेवजह निकलने वाले दो लोगों की बाइक सीज कर दी। जबकि आठ बाइकों का चालान किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दर्ज हुईं सभी 17 एफआइआर लॉकडाउन के उल्लंघन की रहीं। जो भी नियमों से खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

क्वारंटाइन सेंटर से आठ लोग भागे

लालगंज कस्बा स्थित बैसवारा डिग्री कॉलेज लालगंज में बने क्वारंटाइन सेंटर 160 लोगों को रखा गया है। मंगलवार को गणना के दौरान आठ लोग कम मिले। छानबीन हुई तो पता चला कि क्वारंटाइन में रखे गए सकतपुर के चार, जोगापुर और रानीपुर के दो-दो लोग गायब हैं। केंद्र प्रभारी एडीओ पंचायत रमेश मिश्रा ने संबंधित गांवों के प्रधानों से संपर्क किया तो जोगापुर के दोनों ग्रामीण लौट आए। जबकि शेष छह लोगों का बुधवार की दोपहर तक इंतजार होता रहा। प्रभारी निरीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।

👁 23.4K views
23.4K views
Click