सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी! ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर रुकवाया काम

892

बिना साफ सफाई के डामरीकरण कराने का आरोप

लालगंज (रायबरेली)। सोमवार को ऐहार ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने एनएच-232 से डकौली गांव जाने वाले संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों ने निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए दो टूक कहा कि सड़क का निर्माण मानक के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण कराया जाए, ताकि कुछ ही दिनों में सड़क फिर से जर्जर न हो जाए।नहर विभाग की ओर से 1755 मीटर लंबे संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। यह मार्ग नहर पटरी और आधुनिक रेल डिब्बा कारखाने के समीप होने के कारण काफी महत्वपूर्ण है। ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से सड़क पहले ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। ऐसे में ग्रामीणों को नई सड़क के निर्माण से बेहतर आवागमन की उम्मीद थी, लेकिन निर्माण कार्य में कथित लापरवाही देखकर उनका आक्रोश सामने आ गया।ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश फौजी की अगुवाई में मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की समुचित सफाई कराए बिना ही डामरीकरण कराया जा रहा था।

तारकोल का भी सही तरीके से इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। इतना ही नहीं, रोलर और कंप्रेसर का प्रयोग किए बिना निर्माण कार्य कराया जा रहा था। ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह निर्माण होने से सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होगी और सरकारी धन का भी सदुपयोग नहीं हो पाएगा।ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवाते हुए विभागीय अधिकारियों से गुणवत्ता की जांच कराने और निर्धारित मानकों के अनुसार सड़क बनवाने की मांग की।

इनकी भी सुनिए

वहीं, नहर विभाग के जेई मो. असद ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। ठेकेदार को निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश दिए गए हैं।


अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 892 views
892 views
Click