रायबरेली-सताँव ब्लॉक कार्यालय परिसर में बुधवार, 24 जून 2026 को अपराह्न 12:00 बजे तक एडीओ पंचायत के कार्यालय से नदारद रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे ग्रामीण घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हुए।
क्षेत्र के बथुआ खास समेत कई गांवों से आए फरियादी आवास, शौचालय, पेंशन और मनरेगा भुगतान जैसी समस्याएं लेकर ब्लॉक पहुंचे थे। लेकिन दोपहर 12 बजे तक एडीओ पंचायत के न मिलने से कार्यालय के बाहर भीड़ जमा हो गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि वीडीओ अक्सर कार्यालय से गायब रहते हैं, जिससे जरूरी काम लटक जाते हैं। कई बार चक्कर लगाने के बाद भी सुनवाई नहीं होती। लोगों ने कहा कि अगर यही हाल रहा तो डीएम से शिकायत की जाएगी।
गौरतलब है कि इस दौरान ब्लॉक के अन्य सभी कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित रहे और अपने पटल पर कार्य करते मिले। लेकिन एडीओ पंचायत की गैरमौजूदगी से जनता के जरूरी काम अटक गए।
फिलहाल अधिकारी के न मिलने से जनता में नाराजगी है। ग्रामीणों ने शासन से समय पर कार्यालय में अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
अनुज मौर्य /प्रतीक सिंह रिपोर्ट


