सदर तहसील की बदहाल व्यवस्था उजागर, लेखपाल कक्ष मे लगे पंखे बने सफ़ेद हाथी

10390

सदर तहसील की बदहाल व्यवस्था उजागर, 12 में सिर्फ 1-2 पंखे चालू, भीषण गर्मी में हाथ से पंखा चलाने को मजबूर अधिकारी कर्मचारी व फरियादी

रायबरेली की सदर तहसील से प्रशासनिक लापरवाही और बदहाल व्यवस्थाओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तहसील परिसर स्थित लेखपाल कक्षा में करीब 12 पंखे लगे हुए हैं, लेकिन उनमें से सिर्फ एक या दो पंखे ही चल रहे हैं, जबकि बाकी बंद पड़े हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच वहां मौजूद शिक्षक, लेखपाल, कर्मचारी और फरियादी हाथों से पंखा झलकर किसी तरह राहत पाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि इसी कक्ष में जनगणना कार्य को लेकर शिक्षकों और कर्मचारियों की ट्रेनिंग चल रही थी। एक तरफ सरकार प्रशासनिक व्यवस्थाओं को हाईटेक और सुविधाजनक बनाने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी तरफ तहसील परिसर की हालत इन दावों की हकीकत बयां कर रही है। घंटों तक प्रशिक्षण लेने पहुंचे लोगों को गर्मी से बेहाल होकर बैठना पड़ा, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने की जरूरत तक नहीं समझी।

मंगलवार 26 मई 2026 को शाम करीब 5 बजे यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि तहसील में रोजाना सैकड़ों फरियादी अपने काम से पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब पहले से ट्रेनिंग कार्यक्रम तय था तो आखिर पंखों और बिजली व्यवस्था की जांच क्यों नहीं कराई गई।

स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का आरोप है कि सदर तहसील में अव्यवस्थाओं का यह कोई पहला मामला नहीं है। यहां अक्सर बिजली, सफाई और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर शिकायतें सामने आती रहती हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ कागजी दावे करने में व्यस्त रहते हैं। वायरल वीडियो ने एक बार फिर तहसील प्रशासन की कार्यशैली पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि उच्च अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर कोई कार्रवाई करते हैं या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 10.4K views
10.4K views
Click