अधिवक्ता की हत्या पर उबाल: न्यायिक कार्य बहिष्कार, सख्त कार्यवाही व एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग

11017

रायबरेली-जनपद रामपुर में अधिवक्ता फारूख अहमद की जघन्य हत्या को लेकर अधिवक्ता समुदाय में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में सेन्ट्रल बार एसोसिएशन, सिविल कोर्ट रायबरेली की कार्यकारिणी की बैठक अध्यक्ष राकेश कुमार तिवारी एडवोकेट की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ा असंतोष व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता फारूख अहमद की निर्मम हत्या के विरोध में 12 फरवरी 2026 को जनपद के समस्त अधिवक्तागण पूर्ण रूप से न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। अधिवक्ताओं ने कहा कि लगातार अधिवक्ताओं पर हो रहे हमलों से कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी रायबरेली के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजते हुए हत्या में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने तथा प्रदेश में शीघ्र प्रभाव से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग उठाई है। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं की गई और अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
इस संबंध में प्रस्ताव की प्रति जनपद न्यायाधीश रायबरेली को भी प्रेषित की गई है, जिससे अधीनस्थ न्यायिक अधिकारियों को अधिवक्ताओं के निर्णय से अवगत कराया जा सके।
बैठक में बार एसोसिएशन के पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर अधिवक्ता सुरक्षा के मुद्दे पर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया गया.

अनुज मौर्य/एडवोकेट अशोक यादव रिपोर्ट

👁 11K views
11K views
Click