उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आरजीआईपीटी में तीन नवनिर्मित छात्रावासों का किया उद्घाटन

920

बहादुरपुर अमेठी-उपमुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार, केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (आरजीआईपीटी) के जायस परिसर में नवनिर्मित सुभाष चंद्र बोस छात्रावास, होमी भाभा छात्रावास एवं विद्यासागर छात्रावास का उद्घाटन किया।

आरजीआईपीटी पहुँचने पर संस्थान के निदेशक आचार्य हरीश हिरानी, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने माननीय उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके पश्चात उन्होंने तीनों छात्रावासों की उद्घाटन पट्टिकाओं का अनावरण किया तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का अवलोकन किया।

छात्रावासों के उद्घाटन के उपरांत उपमुख्यमंत्री संस्थान के सभागार पहुँचे, जहाँ मुख्य समारोह का शुभारम्भ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। निदेशक आचार्य हरीश हिरानी एवं कुलसचिव आचार्य एम. एस. बालाथानिगैमणि ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।

अपने स्वागत संबोधन में आचार्य हरीश हिरानी ने आरजीआईपीटी की शैक्षणिक प्रगति, प्रमुख उपलब्धियों, विद्यार्थी-कल्याण संबंधी पहलों तथा आधारभूत संरचना के विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तीनों नवनिर्मित छात्रावासों के प्रारम्भ होने से संस्थान की आवासीय क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवासीय सुविधाएँ प्राप्त होंगी, जिससे उनके अध्ययन एवं समग्र विकास के लिए अधिक अनुकूल वातावरण तैयार होगा। तीनों छात्रावासों की आवासीय क्षमता निम्नवत है: सुभाष चंद्र बोस छात्रावास: 304 विद्यार्थी, विद्यासागर छात्रावास: 350 विद्यार्थी, होमी भाभा छात्रावास: 302 विद्यार्थी। तीनों छात्रावासों में कुल 956 विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था उपलब्ध होगी।

उपमुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों से शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान एवं विद्यार्थी कल्याण के क्षेत्र में आरजीआईपीटी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा संस्थान एवं विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

उपमुख्यमंत्री ने देश में अनुसंधान एवं नवाचार को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आयातित कच्चे तेल पर भारत की निर्भरता कम करने तथा वैकल्पिक एवं स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों के विकास और उपयोग में तेजी लाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि ये प्रयास देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यावरणीय स्थिरता में भी महत्त्वपूर्ण योगदान देंगे। माननीय उपमुख्यमंत्री ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं वंचित परिवारों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है।

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना के चयनित लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए।

समारोह में मंत्री  मयंकेश्वर शरण सिंह, विधायक सुरेश पासी, शैलेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष  राकेश अग्रहरि एवं जिला अध्यक्ष  सुधांशु शुक्ला सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, आरजीआईपीटी के संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।

तीनों छात्रावासों का उद्घाटन आरजीआईपीटी द्वारा अपनी शैक्षणिक, आवासीय एवं विद्यार्थी-सहायता संबंधी आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुसंधान एवं व्यावसायिक विकास के लिए उच्च गुणवत्ता वाला वातावरण उपलब्ध कराने के संस्थान के प्रयासों को और गति मिलेगी।

शैलेश सोनी नीलू रिपोर्ट

👁 920 views
920 views
Click