जगतपुर, रायबरेली। जगतपुर थाना क्षेत्र के मायमऊ मजरे टिकठा मुसल्लेपुर गांव में 19-20 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। एक ही रात हुई चोरी की घटनाओं से गांव में हलचल मच गई। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सूर्यबक्श सिंह पुत्र स्व. शिव बहादुर सिंह और रुद्र प्रकाश पटेल पुत्र राम नरेश ने पुलिस को अलग-अलग प्रार्थना पत्र देकर चोरी की शिकायत की। तहरीर के मुताबिक, रात में अज्ञात चोर घरों में घुसे और ताले तोड़कर बक्सों व अलमारी में रखी नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
दोनों शिकायतों के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया। कोतवाली प्रभारी वागीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में पुलिस टीम चोरों की तलाश और घटना के अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
अनुज मौर्य रिपोर्ट


