रायबरेली– जनता से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एडीएम न्यायिक विशाल यादव ने बुधवार को ऊंचाहार तहसील का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय में अभिलेखों की गहन जांच-पड़ताल की तथा कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कार्य में शिथिलता और अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही पाए जाने पर एडीएम न्यायिक ने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी अथवा लापरवाही किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी।
एडीएम न्यायिक ने तहसील प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालय की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, समय से पत्रावलियों के निस्तारण एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कार्यालय में आने वाले फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए और उनके प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए। निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए गए।
एडीएम न्यायिक के इस औचक निरीक्षण से तहसील कर्मियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सख्त संदेश दिया गया।
अनुज मौर्य/एडवोकेट मनीष श्रीवास्तव रिपोर्ट


