“क्या सरकार भूल गई 1857 के वीर योद्धा ‘स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भोला सिंह’ का बलिदान?”

35525

“राणा बेनी माधव बख्श सिंह” के मुख्य सहयोगी रहे वीर सेनानी की स्मृति में “कलेक्टर भोला सिंह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबा सिद्धेश्वर सरांय श्री बक्स स्मारक द्वार” बनाए जाने की उठी जोरदार मांग

जगतपुर, रायबरेली-“1857 की क्रांति” में अमर बलिदान देने वाले “स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भोला सिंह” की वीरता, राष्ट्रभक्ति और त्याग को आज भी क्षेत्रवासी गर्व और श्रद्धा के साथ याद करते हैं, लेकिन विडंबना यह है कि आज तक उनके सम्मान में कोई भव्य स्मारक नहीं बन सका। अब क्षेत्रीय जनता ने सरकार से इस ऐतिहासिक उपेक्षा को समाप्त करने की मांग तेज कर दी है। श्री बलवंत सिंह एडवोकेट, संस्थापक उज्ज्वल चिल्ड्रन होम जगतपुर ने जिलाधिकारी, संस्कृति विभाग एवं जिला पंचायत से मांग की है कि डलमऊ मार्ग पर फक्कड़ दास की कुटी, लक्ष्मणपुर के समीप सराय श्री बख्श मोड़ पर “कलेक्टर भोला सिंह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबा सिद्धेश्वर सरांय श्री बक्स स्मारक द्वार” का तत्काल निर्माण कराया जाए।

उन्होंने कहा कि “स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भोला सिंह” केवल एक योद्धा नहीं थे, बल्कि “राणा बेनी माधव बख्श सिंह” के सबसे विश्वसनीय सहयोगियों एवं मुख्य कलेक्टर के रूप में अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करने वाले महान सेनानी थे। ग्रामीणों के अनुसार एक युद्ध के दौरान उनके गले पर तलवार से घातक वार हुआ, फिर भी उनका वफादार घोड़ा उन्हें गांव तक लेकर आया और गांव पहुंचते ही उन्होंने वीरगति प्राप्त की। यह कथा आज भी ग्रामीणों की आंखें नम कर देती है।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों पूर्व उनके परिवार द्वारा स्थापित मां दुर्गा मंदिर आज भी आस्था का प्रमुख केंद्र है। “बाबा सिद्धेश्वर धाम मंदिर” सराय श्री बख्श ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर के रूप में प्रसिद्ध है। क्षेत्र में खुदाई के दौरान प्राचीन अस्त्र-शस्त्र मिलने की बातें भी सामने आती रहती हैं।

प्रधान बीना सिंह, कुलदीप सिंह, राघवेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, रण बहादुर सिंह, जितेंद्र बहादुर सिंह, जगधरन सिंह, अमर बहादुर सिंह, रणजीत सिंह, रामस्वरूप मिस्त्री, शिवनारायण सिंह, हनुमत सिंह, उदय प्रताप सिंह, मदन प्रसाद द्विवेदी, गया प्रसाद त्रिवेदी, पं. शिवप्रसाद, करुणा शंकर, पप्पू पंडित, कुमारे माली, अनिल श्रीवास्तव, पूर्व प्रधान अर्जुन सिंह, शारदा बक्स सिंह, एडवोकेट राम लखन सिंह, एडवोकेट प्रदीप सिंह, मुन्ना व जयदीप सिंह सहित क्षेत्रवासियों ने सरकार से शीघ्र स्मारक द्वार निर्माण की मांग की है। साथ ही “राणा बेनी माधव सिंह स्मारक समिति शंकरपुर” से भी इस ऐतिहासिक कार्य में सहयोग और सहभागिता की अपेक्षा व्यक्त की गई है।

अनुज मौर्य/एडवोकेट मनीष श्रीवास्तव रिपोर्ट

👁 35.5K views
35.5K views
Click