पल्सर बाइक और हुलिया से संदिग्ध चढ़े चाट विक्रेता के हत्थे
लालगंज रायबरेली
कस्बे के पानी टंकी तिराहे के पास बृहस्पतिवार को चाट विक्रेता ने अपनी बुजुर्ग मां के साथ टप्पेबाजी करने वाले दो संदिग्ध आरोपियों को पहचान कर पकड़ लिया। बाद में दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बाईपास रोड स्थित मौर्य नगर बाबा का पुरवा मोहल्ला निवासी छोटू चौरसिया वीरा पासी तिराहे पर चाट की दुकान लगाते हैं। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी मां रामलली चौरसिया को बहला-फुसलाकर झुमके और अंगूठी उतरवा ली थी। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे। घटना की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे बाइक सवार दो युवक चाट की दुकान पर पहुंचे और चाट खाने की बात कही। दोनों का हुलिया वायरल सीसीटीवी फुटेज से मिलता-जुलता लगने पर चाट विक्रेता को शक हुआ। मोबाइल में मौजूद फोटो से मिलान करने पर भी पुष्टि हो गई। बाइक में टंगे बैग और झोले का तरीका भी सीसीटीवी फुटेज जैसा ही था।
शक होने पर चाट विक्रेता ने फुटकर न होने का बहाना बनाकर दोनों को रोके रखा और अपनी मां व पत्नी प्रीती को मौके पर बुलाकर पहचान कराई। बुजुर्ग महिला ने दोनों को वही आरोपी बताया, जिन्होंने जेवर उतरवाकर टप्पेबाजी की थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों संदिग्धों से पूछताछ की। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्हें कोतवाली ले जाया गया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
अनुज मौर्य/संदीप फ़िज़ा रिपोर्ट


