चरखारी (महोबा)-चरखारी थाना क्षेत्र अन्तर्गगत चरखारी सूपा मार्ग पर एक बेकाबू कार बेकाबू होकर सड़क किनारे गहरी खाई में गिर गयी जिसमें सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वाहन मृतक का पिता चला रहा था जो मामूली चुटहिल है। विवरण में मिली जानकारी के अनुसार कुलपहाड़ निवासी गणेश पुत्र बंशी बीती शाम चरखारी विकास खण्ड के ग्राम बमनेथा में रिश्तेदार के यहां आयोजित चौक कार्यक्रम में शामिल होने आया था तथा रात में कार्यक्रम के बाद वापसी के दौरान सुबह करीब 9 बजे सूपा रोड पर दादी के खुड़े के पास मोड़ पर चार पहिया वाहन यूपी 90 जे 9490 अचानक सड़क किनारे खाई में जा घुसी जिससे चार पहिया वाहन पेड़ों व झाड़ियों से टकराई तथा वाहन के परखचे उड़ गए। सात सीटर कार में सबसे पीछे की सीट पर बैठा चालक गणेश का 17 वर्षीय पुत्र कुणाल कुशवाहा उम्र 17 वर्ष वाहन पलटने से बुरी तरह से कुचल गया तथा जब तक राहगीर उसे निकालते तब तक उसकी दर्दनाक मौत हो चुकी थी। जबकि वाहन में सवार एक रिश्तेदार राजेश पुत्र छिद्दू गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय महोबा के लिए रिफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रवणी कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे साथ ही अस्पताल पहुंचकर घायलों से सम्पर्क किया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राकेश अग्रवाल रिपोर्ट


