दिनदहाड़े चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या

12169

घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को दी जा रही खुली चुनौती, गाली-गलौज का विरोध करने पर रास्ते में घेरकर मार डाला ।

रिपोर्ट – सुधीर त्रिवेदी, वरिष्ठ संवाददाता

बांदा। खाकी की सुस्त कार्यप्रणाली से अपराधियों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है। बबेरू कस्बे में शराब पीकर गाली-गलौज का विरोध करने पर चचेरे भाई को रास्ते में घेरकर दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से काट डाला गया। आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन युवक को अस्पताल लेकर गए। वहां पर चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अपराधियों पर पुलिस की निगाह कितनी सख्त है, इसका नमूना बबेरू कस्बे में रविवार को देखने को मिला। बबेरू कस्बा निवासी शत्रुघन (32) पुत्र दिगपाल रविवार की दोपहर को घर के बाहर खड़ा था। उसी दौरान चचेरा भाई मनसुख पुत्र श्यामलाल वहां शराब के नशे में पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। शत्रुघन ने इसका विरोध किया और वहां से चले जाने को कहा। इसके बाद शत्रुघन अपने खेतों की तरफ जाने लगा। तभी रास्ते में मनसुख कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और शत्रुघन को रोक लिया। इससे पहले कि कोई बात होती, मनसुख ने शत्रुघन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर गया। आरोपी मनसुख मौके से भाग निकला। वहां से निकले लोगों ने देखा तो शत्रुघन के घर में सूचना दी। मृतक शत्रुघन खेती-किसानी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था।

👁 12.2K views
12.2K views
Click