नकली सेनेटाइजर फैक्ट्री का खुलासा, 2 गिरफ्तार

54004
WhatsApp Image 2020-08-25 at 16.21.06
पुलिस की गिरफ्त में अभियुक्त व् बरामद सामान

कौशाम्बी : पूरामुफ्ती पुलिस ने मंगलवार को नकली सेनेटाइजर बनाने की फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने मनौरी कसबे से सटे गांव मादपुर के एक मकान में संचालित नकली सेनेटाइजर फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।मौके से 2 अभियुक्त रंगे हाँथ गिरफ्तार हुए। अभियुक्तों के कब्जे से 1100 लीटर आइसो प्रोपाइट अल्कोहल व् अन्य केमिकल बरामद किया है। पुलिस ने बरामद तैयार माल व् कच्चे माल की कीमत बाजार में 12 लाख रुपये आकी है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रयागराज के औषधि निरीक्षक गोविन्द लाल गुप्ता को नकली सेनेटाइजर फैक्ट्री के संचालित होने की सूचना मिली। उन्होंने प्रतापगढ़ के औषधि निरीक्षक राहुल कुमार के साथ पूरामुफ्ती थाना सोमवार की देर शाम पहुंचे। अफसरों ने पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी कसबे से सटे गांव मादपुर में संजीव कुमार पुत्र स्व रामशंकर के मकान में छापा मारकर गैर-कानूनी तरीके से बनाई जा रही सेनेटाइजर फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने फैक्ट्री में काम कर रहे अभियुक्त मोहम्मद अफजाल पुत्र अफसार निवासी नीम सराय थाना धूमनगंज प्रयागराज व् अमित पुत्र गुलाब सिंह निवासी पहाड़पुर थाना मऊ चित्रकूट को  गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों से पूंछ-तांछ के बाद नकली सेनेटाइजर फैक्ट्री का खुलासा किया। अभियुक्तों के खिलाफ लिखा-पढ़ी कर पुलिस अब उन्हें जेल भेजने की तैयारी कर रही है। 

 एडिशल एसपी समर बहादुर ने बताया, औषधि विभाग के निरीक्षकों की सूचना पर पूरामुफ्ती पुलिस ने नकली सेनेटाइजर फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। 2 अभियुक्त गिरफ्तार किये गए है। मकान के मालिक की तलाश जारी है। बरामद किया गया सामान भारतीय बाजार में 12 लाख रुपये कीमत का बताया जा रहा है।  

👁 54K views
54K views
Click