लालगंज रायबरेली -नगर क्षेत्र में मृत पशुओं के निस्तारण को लेकर नगर पंचायत प्रशासन की उदासीनता एक बार फिर सामने आई है। गाय के शव के निस्तारण के लिए वाहन उपलब्ध न कराए जाने से नाराज लोगों ने बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता गुप्ता के कार्यालय के सामने गाय का शव रखकर जमकर नारेबाजी की।
बताया गया कि नगर के घोसियाना मोहल्ले में एक गाय कई दिनों से बीमार थी, जिसकी सेवा मोहल्लेवासियों और गौ रक्षक दल के सदस्यों द्वारा की जा रही थी। मंगलवार को इलाज के दौरान गाय की मौत हो गई। इसके बाद शव के निस्तारण के लिए सभासद राघवेंद्र सूर्यवंशी के माध्यम से नगर पंचायत से संपर्क किया गया, लेकिन आरोप है कि प्रशासन ने वाहन उपलब्ध कराने से इंकार कर दिया।
नगर पंचायत से मदद न मिलने पर मोहल्लेवासियों और गौ रक्षक दल के कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद सभी लोग गाय का शव उठाकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और अध्यक्ष कार्यालय के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद अधिकारियों के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रित किया गया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नगर क्षेत्र में मृत पशुओं के निस्तारण की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है, जिससे आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की है कि नगर पंचायत भविष्य में गाय सहित अन्य मृत पशुओं के निस्तारण के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करे।
अनुज मौर्य/संदीप फ़िज़ा रिपोर्ट


