प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नवीन गंगा एक्सप्रेसवे का किया गया लोकार्पण

10490

रायबरेली -प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज हरदोई के मल्लावा में नवीन गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के अवसर पर रायबरेली के ऊँचाहार क्षेत्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर लाइव प्रसारण दिखाया गया। जगतपुर एग्जिट के पास आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री राकेश सचान,ऊँचाहार विधायक मनोज कुमार पांडेय और प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह समेत कई अधिकारी,जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम स्थल पर बड़ी स्क्रीन लगाकर प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया,जिसे लोगों ने उत्साहपूर्वक सुना।इस दौरान गंगा एक्सप्रेसवे को प्रदेश के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में बड़ा कदम बताया गया।करीब 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग 36,230 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों और 519 गांवों से होकर गुजरेगा।मेरठ,बुलंदशहर,हापुड़,अमरोहा,संभल,बदायूं,शाहजहांपुर,
हरदोई,उन्नाव,रायबरेली,प्रतापगढ़ और प्रयागराज को जोड़ने वाला यह एक्सप्रेसवे प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच आवागमन को आसान बनाएगा।छह लेन वाले इस एक्सप्रेसवे से रायबरेली में लगभग 78 किलोमीटर क्षेत्र कवर होगा,जिससे जिले सहित आसपास के क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि एक्सप्रेसवे शुरू होने से व्यापार,उद्योग,रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे,साथ ही यात्रा समय में भी काफी कमी आएगी।कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने इसे उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक प्रोजेक्ट बताया।उद्घाटन के बाद रायबरेली के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने कहा कि यह गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा और प्रदेश सरकार के 1 ट्रिलियन इकोनामी में इसका बड़ा योगदान रहेगा।इस गंगा एक्सप्रेसवे से रोजगार के नए अवसर बनेंगे और साथ ही विकास की नई कहानी भी लिखी जाएगी।ऊंचाहार के विधायक मनोज पांडेय ने बताया कि मैं बहुत खुश हूं कि इस गंगा एक्सप्रेसवे से उनकी विधानसभा में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बन रहा है जो प्रदेश के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

प्रतीक सिंह रिपोर्ट

👁 10.5K views
10.5K views
Click