युवकों की गिरफ्तारी से गाँव में उबाल, परिवारों का भरण-पोषण ठप

1415

सलोन/रायबरेली: रायबरेली जिले के पुरे गोसाई मुजरे नथुनी के युवक मोहित वर्मा की मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई ने पूरे गाँव को सकते में डाल दिया है। मृतक मोहित के साथी और गाँव के पांच अन्य युवकों को बिना ठोस साक्ष्य के हत्या के आरोप में जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मोहित वर्मा पुत्र गेंदालाल एक सप्ताह से लापता था। उसकी लाश 17 फरवरी 2026 को थाना जगतपुर क्षेत्र में मिली। दुखी परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी थी कि मोहित की हत्या उनके साथियों फूल राज, शोभित, मिथुन, शिव और गौतम ने की है।
हालांकि, ग्रामवासियों और परिवार वालों का कहना है कि यह आरोप पूरी तरह झूठा है। उनका कहना है कि मृतक की हत्या में इन युवकों की कोई भूमिका नहीं है। युवकों की गिरफ्तारी और जेल भेजने से उनके पांच गरीब परिवारों का भरण-पोषण ठप हो गया है।
गाँव ममुनी में आज ग्राम प्रधान और ग्रामीण धरने पर बैठे। मौके पर विधायक भी पहुंचे और परिजनों से संवाद किया। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकरण की संपूर्ण और निष्पक्ष जांच कराकर निर्दोष युवकों को जल्द रिहा किया जाए और उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित बनाया जाए।
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, तो सच्चाई सामने आएगी और गरीब परिवारों का उजड़ता हुआ जीवन बचाया जा सकेगा।
यह मामला अब प्रशासन और कानून के सामने चुनौती बनकर खड़ा हो गया है।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

1.4K views
Click