रायबरेली में पेट्रोल-डीजल को लेकर दूसरे दिन भी हाहाकार,पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें जिला प्रशासन ने कहा पर्याप्त है ईंधन, अफवाहों से बचें

1061

रायबरेली डेस्क -रायबरेली जिले में पेट्रोल और डीजल को लेकर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिल रहा है। जिले के मालिन का पुरवा और राही बाजार स्थित पेट्रोल पंपों पर शुक्रवार को सुबह से ही वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। इस दौरान की कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें पंपों पर भारी भीड़ साफ देखी जा सकती है।

आपको बता दे कि आज दूसरे दिन सुबह से ही पेट्रोल पंप पर खड़े स्थानीय लोगों के अनुसार, हालात ऐसे हो गए हैं कि कभी पेट्रोल खत्म हो जाता है तो कभी डीजल की सप्लाई बाधित हो जाती है, जिससे लोगों को बार-बार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि उन्हें कई-कई घंटों तक लाइन में खड़े रहना पड़ रहा है, फिर भी समय पर ईंधन नहीं मिल पा रहा।

गौरतलब है कि इससे पहले ही जिले में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर आमजन परेशान थे, और अब पेट्रोल-डीजल की समस्या ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। रोजमर्रा के कामकाज, व्यापार और आवागमन पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।

हालांकि, जिला प्रशासन ने इन खबरों को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। प्रशासन का कहना है कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में भंडारण उपलब्ध है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें। अनावश्यक रूप से स्टॉक करने (डंप करने) से बचें, ताकि सभी को सुचारू रूप से आपूर्ति मिल सके।

प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि यदि कहीं कृत्रिम कमी या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, लेकिन जमीनी स्तर पर लोगों की परेशानियां लगातार बनी हुई हैं।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 1.1K views
1.1K views
Click