ब्रेन ओ ब्रेन की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राइजिंग चाइल्ड स्कूल के अद्विक पटेल ने मारी बाजी
रायबरेली । शहर के प्रभुटाउन स्थित राइजिंग चाइल्ड स्कूल में ब्रेन ओ ब्रेन की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र अद्विक पटेल ने राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त कर विद्यालय और रायबरेली का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें ब्रेन ओ ब्रेन संस्थान की ओर से ट्रॉफी और नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त विद्यालय के भाव्या, सात्विक, मिशिका, शिवांक, वैष्णवी, आरुष, अथर्व, अविका, सुखप्रीत, आन्या, कौशिकी, शिवी धमिष्ठा, हम्माद, सुरभि, आध्या, अनन्या, मानविश, वानी और वंशिका ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किए। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल रहा। विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा श्रीवास्तव ने बताया कि ब्रेन ओ ब्रेन बच्चों की मानसिक क्षमता, एकाग्रता, स्मरण शक्ति, तार्किक सोच और गणना कौशल को विकसित करने की दिशा में कार्य करने वाला संस्थान है। इसकी प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों की तेजी से गणना करने, कम समय में सही उत्तर देने तथा दबाव में भी एकाग्रता बनाए रखने की क्षमता को परखा जाता है। इस अवसर पर विशेष सहयोग के लिए शिक्षिका ज़ेबा खान को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव, एडवोकेट ने सभी विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया, उन्होंने कहा इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और समस्या का समाधान खोजने की योग्यता विकसित करने में सहायक होती है। कार्यक्रम का संचालन हरप्रीत कौर ने किया। कार्यक्रम में ब्रेन ओ ब्रेन संस्थान के समन्वयक प्रियंका श्रीवास्तव, अमित कुमार, विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी रविंद्रनाथ हरि, सावन गुप्ता सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
अनुज मौर्य रिपोर्ट


