सोनिया नगर के पास रेलवे ट्रेक पर ट्रेन से टकराकर घायल युवक की अस्पताल में मौत, स्ट्रेचर न मिलने पर परिजनों का हंगामा
रायबरेली। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनिया नगर इलाके में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। रेलवे ट्रैक पर एक युवक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। 2 मई 2026 को रात करीब 9:00 बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोनिया नगर निवासी तिलक कुमार (पुत्र महेश महतो) रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन से टकरा गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचने के बावजूद करीब एक घंटे तक घायल को स्ट्रेचर नहीं मिला। इस दौरान समय पर इलाज न मिलने से उसकी हालत और बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और स्वास्थ्य व्यवस्था पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि यदि समय रहते उचित सुविधा और इलाज मिल जाता, तो शायद तिलक कुमार की जान बचाई जा सकती थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अस्पताल प्रशासन की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अनुज मौर्य रिपोर्ट


